गाजियाबाद: डॉग बाइट की बढ़ती घटनाओं से जहां लोग परेशान हैं वहीं उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित इंदिरापुरम की एक सो्साइटी में डॉग को खाना खिलाने वाले डॉग लवर और सोसायटी के रेजिडेंट्स के बीच जमकर बहस हो गई। इस बहस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में डॉग लवर महिला और सोसायटी के रेजिडेंट्स के बीच जमकर हॉट टॉक और बहस हो रही है। वीडियो गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के अहिंसा खंड 2 में स्थित क्लाउड 9 सोसायटी के बेसमेंट पार्किंग का बताया जा रहा है।
वीडियो में साफ देखा जा रहा है कि बाइक सवार एक युवक और महिला की किसी एक महिला से जमकर बहस हो रही है। दरअसल, ये महिला स्ट्रीट डॉग्स के लिए दूध और ब्रेड लेकर बेसमेंट में पहुंची है। जिसका बाइक सवार युवक और युवती विरोध कर रहे हैं। युवक का आरोप है कि पार्किंग एरिया में कुत्तों को खाना खिलाने से कुत्ते वहीं रुक जाते हैं और बच्चों को काटने का खतरा बना रहता है। गुस्से में युवक महिला के लाए हुए खाने को फेंक देता है, जो जमीन पर बिखरा हुआ दिख रहा है।
सोसायटी के लोगों ने किया विरोध
धीरे-धीरे सोसायटी के कई और लोग वहां इकट्ठा हो जाते हैं और महिला का विरोध करने लगते हैं। लेकिन महिला भी टस से मस नहीं होती। उसका कहना है कि कुत्ते 10-15 दिन से भूखे हैं। वे फीडिंग पॉइंट तक नहीं आ पा रहे हैं इसलिए वह नीचे खाना देने आई है। महिला खुद को एनिमल वेलफेयर एनजीओ में वॉलंटियर बता रही है। महिला का तर्क है कि जानवर जहां पला-बढ़ा होता है, कानून के मुताबिक वह वहीं रहेगा। अगर कुत्तों को भरपेट खाना मिलेगा तो वे सोते रहेंगे और किसी पर अटैक नहीं करेंगे। वहीं रेजिडेंट्स का कहना है कि कुत्तों ने पहले भी लोगों पर अटैक किया है, रात में दौड़ाया है।
कुत्ते भूखे हैं तो क्या मैं अपने बच्चों को कटवाऊं
एक शख्स यह कहता हुआ नजर आता है - "मेरी दो साल की बेटी है, अगर कुत्ते भूखे हैं तो क्या मैं अपने बच्चों को कटवाऊं?"बहस के दौरान सोसायटी के गार्ड भी डंडे के साथ वहां मौजूद दिख रहे है। फिलहाल इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर दो पक्ष बन गए हैं - एक डॉग लवर के समर्थन में तो दूसरा सोसायटी में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित। हालांकि इस मामले में किसी भी पक्ष की और से पुलिस में अभी कोई शिकायत नहीं दी गई है। सोसायटी के एक रेजिडेंट साकेत जैन का कहना है कि ये वीडियो दो तीन दिन पहले का है। (रिपोर्ट-जुबैर अख्तर)
ये भी पढ़ें:
"डीएम अंकल, एक पैर खराब हो चुका है, साइकिल दिलवा दीजिए", दिव्यांग छात्रा की मार्मिक अपील