1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. ‘आई लव मोहम्मद’ विवाद: बरेली के बाद बाराबंकी, मऊ और मुजफ्फरनगर में भी तनाव, कई गिरफ्तार, हाई अलर्ट पर पुलिस

‘आई लव मोहम्मद’ विवाद: बरेली के बाद बाराबंकी, मऊ और मुजफ्फरनगर में भी तनाव, कई गिरफ्तार, हाई अलर्ट पर पुलिस

 Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Sep 27, 2025 11:41 pm IST,  Updated : Sep 27, 2025 11:51 pm IST

पुलिस की टीम चप्पे-चप्पे पर अपनी नजर बनाए हुए है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। साथ ही कहा कि अफवाहें फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हाई अलर्ट पर पुलिस- India TV Hindi
हाई अलर्ट पर पुलिस Image Source : PTI

उत्तर प्रदेश के बरेली में ‘आई लव मोहम्मद’ अभियान को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद बाराबंकी और मऊ जिलों में भी तनाव बढ़ गया है, ऐसे में पुलिस ने सख्त रवैया अपनाते हुए भारी सुरक्षा बल तैनात किया है। पुलिस ने कहा कि बरेली और वाराणसी में माहौल बिगाड़ने के आरोप में आठ-आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। 

घर-घर जाकर पुलिस ने दी दबिश

पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को दावा किया कि स्थिति शांतिपूर्ण और नियंत्रण में है। पुलिस ने कहा कि बरेली में शुक्रवार देर रात से शनिवार सुबह तक पुलिस ने घर-घर दबिश दी और करीब 36 उपद्रवियों को हिरासत में लिया गया है, जबकि इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल के अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा समेत आठ आरोपियों को माहौल खराब करने के आरोप में गिरफ्तार कर विधिक प्रक्रिया पूरी कर जेल भेज दिया गया। 

बरेली के कई थानों में 6 मामले दर्ज

बरेली के जिलाधिकारी अवनीश सिंह ने शनिवार को बताया कि बरेली में स्थिति सामान्य है और स्कूल-कॉलेज एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठान खुले हुए हैं। पुलिस के अनुसार, अब तक बरेली के विभिन्न थानों में कुल छह मामले दर्ज किए गए हैं। 

वाराणसी से 8 गिरफ्तार

इस बीच, वाराणसी पुलिस ने शनिवार को एक बयान जारी कर कहा कि सिगरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने ‘आई लव मोहम्मद’ के नाम का पोस्टर और बैनर लेकर बिना अनुमति के जुलूस निकालकर साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाडने एवं अराजकता फैलाने के आरोप में आठ लोगों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा एक बाल अपचारी को भी हिरासत में लिया गया है। 

जानबूझकर सम्प्रादायिक माहौल खराब कर रहे लोग

पुलिस का कहना है कि वाराणसी में जुलूस का फुटेज एवं वीडियो से स्पष्ट हो रहा है कि जुलूस में शामिल एक समुदाय के लोग जानबूझकर सम्प्रादायिक माहौल खराब कर विवाद उत्पन्न करने की कोशिश कर रहे हैं। इस सम्बन्ध में पुलिस ने अभियोग पंजीकृत किया है। 

बारांबकी में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात

राज्य की राजधानी लखनऊ से सटे बाराबंकी जिले के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के फैजुल्लागंज गांव में शुक्रवार रात ‘आई लव मोहम्मद’ लिखा बैनर तोड़े जाने पर तनाव फैल गया। घटना के बाद इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। 

पर्चे लगाने के आरोप में  5 गिरफ्तार

वहीं मुजफ्फरनगर और मऊ में ‘आई लव मोहम्मद’ घटना के मद्देनजर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं और अलग-अलग जगहों पर आपत्तिजनक स्टिकर और पर्चे लगाने के आरोप में कम से कम पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया। एसएसपी संजय कुमार ने कहा कि पुलिस ने शनिवार को तितावी थानाक्षेत्र में तीन लोगों हमजा, ओसामा व नजाकत को गिरफ्तार किया और उनके पास से आपत्तिजनक पर्चे व स्टिकर जब्त किए। (भाषा के इनपुट के साथ)

ये भी पढ़ें: 

'I Love Muhammad' विवाद: बरेली में जुमे की नमाज के बाद हिंसा, 30 गिरफ्तार, मौलाना तौकीर रजा गिरफ्तार

बरेली हिंसा मामले में मौलाना तौकीर रजा पर कसा शिकंजा, गिरफ्तार कर जेल भेजे गए; 10 FIR में से 7 में नाम

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।