Kanpur Protest: यूपी के कानपुर में नेताओं के खिलाफ अनोखा प्रदर्शन हुआ है। यहां ढोल-मंजीरा लेकर सड़कों पर जनता उतर गई। लोगों ने महापौर, विधायक और क्षेत्रीय पार्षद के खिलाफ तख्तियां लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। ये प्रदर्शन दबौली वेस्ट वार्ड 72 में गंदगी और सफाई व्यवस्था बदहाल होने से आक्रोशित लोगों ने किया। लोग अपने हाथों में लाल तख्तियां लिए नारे लगाते दिखे। उन्होंने 'महापौर होश में आओ' के नारे लगाए। प्रदर्शनकारी जब गलियों से निकले तो हर कोई उन्हें अपने घर से निकलकर देखने लगा।
नगर निगम की लापरवाही पर नारेबाजी
इलाके के लोगों का कहना है कि कई साल से सीवर भराव, जलभराव और सड़कें खराब होने की वजह से वे परेशान हैं। इसीलिए प्रदर्शनकारियों ने हाथों में महापौर और स्थानीय विधायक के खिलाफ तख्तियां लेकर नगर निगम की लापरवाही पर जमकर नारेबाजी की।
कई-कई दिनों तक नहीं उठता कूड़ा
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वार्ड में कई-कई दिनों तक कूड़ा नहीं उठाया जा रहा, नालियां जाम हैं और इसकी बदबू से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। बार-बार शिकायत के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी कोई सुनवाई नहीं कर रहे, जिससे जनता को सड़कों पर उतरना पड़ा।
लोगों ने दी प्रदर्शन तेज करने की चेतावनी
ढोल-मंजीरे की थाप पर प्रदर्शन करते हुए लोगों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। शहर के अन्य इलाकों में इसी तरह ढोल-मंजीरे के साथ रैली निकाली जाएगी।
साफ-सफाई की मांग कर रहे प्रदर्शनकारी
हमारी मांग बस यही है कि सड़कों को दुरुस्त कर दिया जाए। जाम नालियों को साफ कर दिया जाए। कूड़े को नियमित रूप से उठा लिया जाए और जहां कहीं भी पानी भरा हो, उस जलभराव से निजात दिला दी जाए। इसकी वजह से बीमारियां फैलती हैं, ये सबकुछ कराना नगर निगम और नेताओं की जिम्मेदारी है।
(इनपुट- अनुराग श्रीवास्तव)
ये भी पढ़ें- प्रपोज डे पर बाबू-सोना कहकर छेड़ रहा था इरफान, लड़की ने चप्पल से बजा दिया मुंह