1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कानपुर में नाबालिग को 6 दिन तक बनाया बंधक, कलमा पढ़ाया और गर्म चिमटे से दागा; गौमांस खिलाने का भी आरोप

कानपुर में नाबालिग को 6 दिन तक बनाया बंधक, कलमा पढ़ाया और गर्म चिमटे से दागा; गौमांस खिलाने का भी आरोप

 Edited By: Vinay Trivedi
 Published : Jun 28, 2026 12:01 pm IST,  Updated : Jun 28, 2026 12:05 pm IST

कानपुर में 17 साल की नाबालिग लड़की को अगवा कर लिया गया और फिर उसपर धर्मपरिवर्तन कराने का दवाब बनाया गया। नाबालिग ने आरोप लगाया कि उसको कलमा पढ़वाया गया और साथ ही गौमांस भी खिलाया गया।

Kanpur minor girl abduction case- India TV Hindi
कानपुर में नाबालिग की किडनैपिंग कर उसके धर्मपरिवर्तन की कोशिश। Image Source : REPORTERS INPUT

उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक ऐसी झकझोर देने वाली खबर सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को तार-फिर कर दिया है। दरअसल, रावतपुर थाना क्षेत्र की एक 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी को दोस्ती के जाल में फंसाकर न सिर्फ उसका अपहरण किया गया, बल्कि उसे बंधक बनाकर जबरन धर्मांतरण की कोशिश की गई और उसके साथ क्रूरता की हदें पार की गईं।

नाबालिग को 6 दिनों तक बनाकर रखा बंधक

मामला कानपुर के रावतपुर का है, जहां अरमान नाम के एक युवक ने पहले तो नाबालिग किशोरी से दोस्ती की और फिर अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर उसे अगवा कर लिया। आरोपी किशोरी को बेकनगंज स्थित अपने घर ले गए, जहां उसे 6 दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया। इन 6 दिनों में किशोरी ने कई तरह की यातनाएं झेलीं।

कलमा पढ़वाया और गौ मांस भी खिलाया

​किशोरी का आरोप है कि बंधक बनाने के बाद उस पर धर्मपरिवर्तन का दबाव बनाया गया। उसे जबरन बुर्का पहनाया गया, कलमा पढ़वाया गया और गौ मांस खाने के लिए मजबूर किया गया। हद तो तब हो गई जब आरोपी के घर की महिलाओं ने भी नाबालिग के साथ बेरहमी से मारपीट की।

नाबालिग को गर्म चिमटे से दागा

जब पीड़िता ने उनकी बातों को मानने से इनकार किया, तो आरोपियों ने क्रूरता की हदें पार कर दीं। किशोरी को गर्म चिमटे से दागा गया। डरा-धमकाकर कई कोरे और कानूनी कागजों पर उससे दस्तखत कराए गए। आरोपियों ने उसे खाड़ी देश यानी सऊदी अरब में कथित रूप से बेचने की साजिश भी रची थी।

पीड़िता ने रोते हुए परिजनों को सुनाई आपबीती

6 दिनों तक मौत के साए में जीने के बाद, किसी तरह किशोरी आरोपियों के चंगुल से छूटकर अपने घर पहुंची। बदहवास हालत में उसने परिजनों को रोते हुए आपबीती सुनाई। वारदात की गंभीरता को देखते हुए परिजन तुरंत रावतपुर थाने पहुंचे और लिखित तहरीर दी।

पुलिस ने एक्शन लेते हुए 4 आरोपियों को दबोचा

​मामला दो समुदायों और नाबालिग से जुड़ा होने के कारण कानपुर पुलिस तुरंत फुल एक्शन मोड में आ गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अरमान समेत चार लोगों को धर दबोचा है।

पुलिस ने दिया दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन

इस पूरे मामले पर थानाध्यक्ष रावतपुर कमलेश राय का कहना है कि घटना अत्यंत गंभीर प्रकृति की है। पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी अरमान सहित 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उच्च अधिकारियों के दिशा-निर्देशन में मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ ऐसी कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी जो नजीर बने।

(इनपुट- ज्ञानेंद्र शुक्ला)

ये भी पढ़ें- VIDEO: कानपुर में मोहर्रम के जुलूस में भयंकर मारपीट, खूब चले लाठी-डंडे; लोगों ने एक-दूसरे को पत्थर भी मारे

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।