1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. "Enjoy Your Life...", व्हाट्सएप स्टेटस बना आखिरी पैगाम, युवक ने ट्रेन के आगे लगाई छलांग

"Enjoy Your Life...", व्हाट्सएप स्टेटस बना आखिरी पैगाम, युवक ने ट्रेन के आगे लगाई छलांग

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Jun 16, 2026 07:32 pm IST,  Updated : Jun 16, 2026 07:59 pm IST

कानपुर में एक युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी। आत्महत्या से पहले उसने अपने व्हाट्सएप पर एक ऐसा स्टेटस लगाया था, जो अब उसकी जिंदगी का आखिरी पैगाम बन चुका है।

ट्रेन के आगे कूदकर युवक ने दी जान- India TV Hindi
ट्रेन के आगे कूदकर युवक ने दी जान Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के कानपुर के कल्याणपुर इलाके से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 22 वर्षीय युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी। चौंकाने वाली बात यह है कि आत्महत्या करने से महज कुछ मिनट पहले युवक ने अपने व्हाट्सएप पर एक ऐसा स्टेटस लगाया था, जो अब उसकी जिंदगी का आखिरी पैगाम बन चुका है।

मृतक युवक की पहचान नितिन यादव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, घटना वाले दिन नितिन सामान्य रूप से अपने घर पर मौजूद था। परिजनों को उसके हाव-भाव या व्यवहार में किसी भी तरह की असामान्यता नजर नहीं आई थी। लेकिन कुछ देर बाद वह अचानक घर से निकला और सीधे कल्याणपुर रेलवे स्टेशन की तरफ बढ़ गया। रेलवे ट्रैक के करीब पहुंचकर नितिन ने अपने मोबाइल फोन से एक व्हाट्सएप स्टेटस अपडेट किया। इस स्टेटस में लिखा था, "Enjoy Your Life, किसी को प्यार करो तो..."

...लेकिन तब तक हो चुकी थी देर

इस घटना से पहले जैसे ही नितिन के दोस्तों, रिश्तेदारों और परिचितों की नजर इस स्टेटस पर पड़ी, वे किसी अनहोनी की आशंका से कांप उठे। स्टेटस के शब्द और उसके पीछे बज रहा गमगीन संगीत साफ इशारा कर रहे थे कि नितिन किसी गहरे मानसिक तनाव में है। इस दौरान करीबियों ने तुरंत नितिन के मोबाइल पर कॉल और मैसेज के जरिए संपर्क करने की कोशिश की। कई लोगों ने उसे ढूंढने का प्रयास भी किया, लेकिन नितिन की तरफ से कोई जवाब नहीं मिला। जब तक कोई उस तक पहुंच पाता या उसे रोकता, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। स्टेटस लगाने के चंद मिनटों के भीतर ही मौत की खबर सामने आ गई।

युवक का आखिरी व्हाट्सएप स्टेटस
Image Source : REPORTER INPUTयुवक का आखिरी व्हाट्सएप स्टेटस

पटरियों के करीब खड़ा था युवक

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नितिन कल्याणपुर रेलवे स्टेशन के पास पटरियों के बेहद करीब खड़ा था। जैसे ही वहां से एक तेज रफ्तार ट्रेन गुजरी, उसने अचानक पटरियों पर छलांग लगा दी। ट्रेन की गति इतनी तेज थी कि युवक को संभलने का मौका नहीं मिला और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। ट्रेन गुजरने के बाद रेलवे ट्रैक पर युवक का शव देख आस-पास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय नागरिकों ने तुरंत इसकी सूचना जीआरपी और स्थानीय पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने नितिन की जेब से मिले दस्तावेजों और मोबाइल फोन की मदद से उसकी शिनाख्त की। घटना की जांच कर रही पुलिस टीम ने युवक का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। पुलिस टीम मृतक के आखिरी कॉल रिकॉर्ड्स, व्हाट्सएप चैट्स और सोशल मीडिया गतिविधियों की बारीकी से जांच कर रही है।

(रिपोर्ट- अनुराग श्रीवास्तव)

ये भी पढ़ें-

रिहा हुए गैंगस्टर को रिसीव करने जेल के अंदर दाखिल हुई SUV, VIDEO वायरल

NEET Paper Leak: आरोपी यश यादव दे सकेगा नीट री-एग्जाम, बहन की शादी में भी जाने की इजाजत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।