1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. NEET Paper Leak: आरोपी यश यादव दे सकेगा नीट री-एग्जाम, बहन की शादी में भी जाने की इजाजत

NEET Paper Leak: आरोपी यश यादव दे सकेगा नीट री-एग्जाम, बहन की शादी में भी जाने की इजाजत

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Jun 16, 2026 04:51 pm IST,  Updated : Jun 16, 2026 05:26 pm IST

NEET UG पेपर लीक के आरोपी यश यादव को कोर्ट से नीट री-एग्जाम में बैठने की इजाजत मिल गई है। कोर्ट ने परमिशन देते हुए कहा कि शिक्षा एक मौलिक अधिकार है।

NEET UG Re-Exam- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : PTI

NEET UG पेपर लीक मामले के आरोपी यश यादव को लेकर अपडेट सामने आया है। दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट ने आरोपी यश यादव को आगामी 21 जून को होने वाली NEET UG री-एग्जाम में शामिल होने की अनुमति दे दी है। इसके साथ ही, कोर्ट ने उसे अपनी बहन की शादी में शामिल होने की भी मंजूरी दी है। हालांकि, इस दौरान यश यादव पुलिस कस्टडी में ही रहेगा। फैसला सुनाते हुए कोर्ट ने कहा कि शिक्षा एक मौलिक अधिकार है।

कस्टडी में देगा परीक्षा

NEET री एग्जाम देशभर में 21 जून को आयोजित किया जाएगा। यश यादव को यह परमिशन देते हुए कोर्ट ने कहा कि शिक्षा एक मौलिक अधिकार है, इससे किसी को वंचित नहीं किया जा सकता। आरोपी यश यादव NEET री-टेस्ट के परीक्षा केंद्र तक पुलिस कस्टडी में ले जाया जाएगा, जहां वह एग्जाम दे सकेगा। इसके साथ ही, कोर्ट ने उसे उसकी बहन की शादी के समारोह में भी शामिल होने की इजाजत दी है। इस दौरान भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी और वह पुलिस की निगरानी में ही रहेगा।

15 दिन की जमानत मांगी थी

आरोपी यश यादव ने अदालत से 15 दिन की अंतरिम जमानत मांगी थी। हालांकि, इस महीने की शुरुआत में हुई सुनवाई के दौरान कोर्ट ने यह कहते हुए अर्जी पर विचार टाल दिया था कि यह रिक्वेस्ट करना जल्दबाजी होगी और आरोपी को अभी तक एडमिट कार्ड भी नहीं मिला है। ऐसे में कोर्ट ने सुनवाई की अगली तारीख 16 जून तय कर दी थी।

2 जून को किताब रखने की मिली थी इजाजत

नीट पेपर लीक के पांच आरोपियों में से एक यश यादव है। इससे पहले, 2 जून को राउज एवेन्यू कोर्ट ने यश यादव को नीट यूजी परीक्षा की पढ़ाई के लिए किताबें रखने की इजाजत दी थी। उसकी वकील अंबिका यादव ने बताया था कि वह एक होनहार छात्र है और उसने 03 मई को परीक्षा दी थी, जो रद्द हो गई थी।

कोर्ट ने 02 जून को यश यादव की न्यायिक हिरासत 15 जून तक बढ़ाने का आदेश दिया था। कोर्ट ने यश यादव के अलावा मांगीलाल बिवाल, विकास बिवाल, दिनेश बिवाल और धनंजय लोखंडे की न्यायिक हिरासत 15 जून तक बढ़ाने का आदेश दिया था। कोर्ट ने 14 मई को मांगीलाल बिवाल, विकास बिवाल, दिनेश बिवाल और यश यादव को सीबीआई हिरासत में भेजा था। 15 मई को कोर्ट ने धनंजय लोखंडे को सीबीआई हिरासत में भेजा था। नीट यूजी पेपर लीक मामले में अब तक 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

ये भी पढ़ें-

रिहा हुए गैंगस्टर को रिसीव करने जेल के अंदर दाखिल हुई SUV, VIDEO वायरल

अमृतसर में लश्कर-ए-तैयबा के सदस्य का घर जब्त, कई देशों में फैले नार्को-टेरर में है शामिल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत