उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के संदीपन घाट थाना क्षेत्र के पल्हाना घाट गांव में एक सनसनीखेज घटना घटी। यहां कुछ दबंग युवकों ने फिल्मी स्टाइल में एक अन्य युवक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस दौरान दबंगों ने युवक को लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटा और उसे अधमरी हालत में हाईवे ओवरब्रिज से नीचे फेंक दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है। इस खौफनाक वारदात से गांव में हड़कंप मच गया है, लोग दहशत में हैं।
दबंगों ने गैंग बनाकर की वारदात
वीडियो में देखा जा सकता है कि बाइक सवार आधा दर्जन से अधिक दबंग युवक पर हमला करने के लिए गांव में पहुंचे। उन्होंने पहले युवक को घेरकर उसे दौड़ा-दौड़कर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटा। दबंगों ने युवक पर हमला करने के बाद उसे अधमरी हालत में हाईवे ओवरब्रिज से नीचे फेंक दिया। हमले में युवक के दोनों पैर और जबड़ा टूट गए हैं और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
वारदात के बाद पहुंचे परिजन
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित युवक का नाम दिनेश सरोज है। आरोप है कि सोनू पटेल और रवि साहू अपने चार–पांच अज्ञात साथियों के साथ बाइक से पहुंचे और गैंग बनाकर दिनेश पर हमला कर दिया। वारदात के बाद युवक के परिजन मौके पर पहुंचे और रोते-बिलखते पुलिस को सूचित किया। जब पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर घायल युवक को देखा, तो उसकी हालत बेहद नाजुक थी। पुलिस ने घायल युवक को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) मूरतगंज भेजा। डॉक्टर्स ने युवक की स्थिति को गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
(रिपोर्ट- अयमान अहमद)
ये भी पढ़ें-
आज बिगड़ेगा देश भर में मौसम का मिजाज, दिल्ली-NCR समेत इन राज्यों में बारिश और तूफान का अलर्ट