प्रतापगढ़ः कुंडा के विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने 3.45 करोड़ रुपये की विश्वस्तरीय जापानी टेक्नोलॉजी वाली Lexus LX 500d SUV खरीदी है। इस 5-सीटर अल्ट्रा लग्जरी कार में डुअल-टोन इंटीरियर, एडवांस टचस्क्रीन, वायरलेस चार्जिंग और कई आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं। राजा भैया की गाड़ी के काफिले में शामिल हुई लेक्सस कार चर्चा का विषय बन गई है।
राजा भैया को महंगी गाड़ियों और घोड़ों का शौक है और उनके बेंती महल व लखनऊ आवास पर पहले से ही करोड़ों की गाड़ियां मौजूद हैं। रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया कुंडा सीट से लगातार सात बार के विधायक और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं।
पिछली साल भी खरीदी थी अल्ट्रा-लक्ज़री कार
इससे पहले साल 2025 में राजा भैया ने अपनी गाड़ियों के कलेक्शन में 4-सीटर लेक्सस LM350h अल्ट्रा-लक्ज़री कार शामिल की थी। 16 अक्टूबर 2025 को खरीदी गई इस अल्ट्रा-लक्ज़री कार की एक्स-शोरूम कीमत उस समय 2.69 करोड़ रुपये थी। राजा भैया न सिर्फ़ लक्ज़री गाड़ियों के शौकीन हैं, बल्कि वे गाड़ियों की नंबर प्लेट को लेकर भी खास ध्यान रखते हैं। उनके काफिले की सभी गाड़ियों का नंबर 0001 होता है।
राजा भैया का लक्ज़री कार कलेक्शन
राजा भैया के पास पहले से ही 2023 में खरीदी गई रेंज रोवर ऑटोबायोग्राफी और 2020 में ली गई रेंज रोवर डिफेंडर मौजूद है। कहा जाता है कि यह यूपी की पहली डिफेंडर थी। डिफेंडर में P300 2-लीटर टर्बोचार्ज्ड इंजन लगा है, जो पेट्रोल और डीज़ल दोनों वेरिएंट में आता है और हाईवे के साथ-साथ ऊबड़-खाबड़ रास्तों पर भी आसानी से चल सकता है।
राजा भैया को घोड़े रखने का भी शौक
बता दें कि प्रतापगढ़ के कुंडा से विधायक रघुराज प्रताप सिंह को घोड़े रखने का शौक है। उनके अस्तबल में कई महंगे घोड़े हैं। अभी कुछ महीने पहले राजा भैया को लगभग ₹1.5 करोड़ कीमत का मारवाड़ी घोड़ा तोहफ़े में मिला था। इस घोड़े को महाराष्ट्र से प्रतापगढ़ तक एक एयर-कंडीशंड एम्बुलेंस में लाया गया था। राजा भैया ने कुंडा के भदरी किले में पारंपरिक तिलक समारोह के साथ घोड़े का स्वागत किया और खुद उसे गुड़ खिलाया था।
विजयराज नाम का यह घोड़ा मारवाड़ी नस्ल का है और अब इसे बेंती राजभवन के अस्तबल में शामिल कर लिया गया है। राजा भैया को विजयराज महाराष्ट्र में रहने वाले एक दोस्त से तोहफ़े में मिला है। अपनी मज़बूत बनावट, चमकदार खाल और खास शाही चाल के लिए मशहूर विजयराज को इस नस्ल का बेहतरीन नमूना माना जाता है। इस घोड़े के पास एक आधिकारिक पासपोर्ट भी है, जो सर्टिफ़ाइड वंशावली वाले घोड़ों के लिए ज़रूरी होता है।
रिपोर्ट- बृजेश मिश्रा
ये भी पढ़ेंः खेल के मैदान में राजा भैया का जलवा, यूपी स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में जीता मेडल; देखें VIDEO