1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मऊ में खूनी लव ट्रायंगल, शादीशुदा महिला ने दूसरे प्रेमी संग मिलकर की पहले आशिक की हत्या

मऊ में खूनी लव ट्रायंगल, शादीशुदा महिला ने दूसरे प्रेमी संग मिलकर की पहले आशिक की हत्या

 Edited By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Aug 04, 2026 05:54 pm IST,  Updated : Aug 04, 2026 05:56 pm IST

मऊ के सरायलखंसी थाना क्षेत्र स्थित कांशीराम कॉलोनी में सोमवार सुबह एक युवक की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। पुलिस जांच में मृतक की पहचान गाजीपुर निवासी असगर अली के रूप में हुई।

Mau Love traingle- India TV Hindi
मऊ लव ट्रायंगल Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के सरायलखंसी थाना क्षेत्र में सामने आए एक सनसनीखेज हत्याकांड ने रिश्तों की बदलती तस्वीर को झकझोर कर रख दिया है। आमतौर पर अवैध संबंधों में पति की हत्या की घटनाएं सामने आती रही हैं, लेकिन इस बार एक शादीशुदा महिला के प्रेम संबंधों की उलझन में उसके ही प्रेमी की जान चली गई। पुलिस जांच में प्रेम प्रसंग, ईर्ष्या और सुनियोजित साजिश का ऐसा खुलासा हुआ कि पूरा घटनाक्रम किसी क्राइम थ्रिलर जैसा लगने लगा है।

क्या है पूरा मामला?

मामला सरायलखंसी थाना क्षेत्र के मुंगेश्वर सुल्तानपुर कांशीराम कॉलोनी का है। सोमवार की सुबह एक किराये के कमरे में एक युवक की चाकू मारकर हत्या किए जाने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शुरुआत में मृतक की पहचान और घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं, लेकिन गहन जांच के बाद पूरी गुत्थी सुलझ गई। मृतक की पहचान गाजीपुर जिले के जंगीपुर निवासी असगर अली के रूप में हुई।

पूरे मामले पर ASP अनूप कुमार ने दी अहम जानकारी

पुलिस अधीक्षक (ASP) अनूप कुमार के अनुसार, घटना के तार शहजादी नाम की महिला से जुड़े हैं, जो पिछले ढाई साल से अपने पति से अलग रह रही थी। महिला के 5 बच्चे हैं, जिनमें से बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है। पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि पति से अलग होने के बाद उसकी दोस्ती असगर अली से हुई, जो धीरे-धीरे प्रेम प्रसंग में बदल गई। कुछ समय बाद असगर और महिला के बीच विवाद शुरू हो गए। इसी बीच महिला की नजदीकियां मुन्शीपुरा निवासी आकाश राव से बढ़ने लगीं, जबकि सूरज राजभर नाम का युवक भी उसके संपर्क में था। जब असगर को महिला के दूसरे संबंधों का पता चला, तो उसने इसका कड़ा विरोध किया और महिला के साथ मारपीट भी की।

महिला ने रची खौफनाक साजिश

मारपीट से नाराज महिला ने अपने नए प्रेमी आकाश राव के साथ मिलकर असगर को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रची। प्लान के तहत सुल्तानपुर में एक कमरा किराये पर लिया गया। सोमवार सुबह करीब 4:40 बजे आकाश अपने साथी सूरज राजभर के साथ कमरे पर पहुंचा। जैसे ही असगर अली नींद से जागा, सूरज ने उसे कसकर पकड़ लिया और आकाश ने उसके सीने में धारदार चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे असगर की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों आरोपी स्कूटी से फरार हो गए, और कुछ देर बाद महिला भी वहां से निकल गई।

पुलिस ने आरोपी महिला को किया गिरफ्तार

घटना का सफल अनावरण करते हुए पुलिस ने आरोपी महिला शहजादी और उसके साथी सूरज राजभर को घटना में इस्तेमाल स्कूटी के साथ गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, हत्या को अंजाम देने वाला मुख्य आरोपी आकाश राव एक हिस्ट्रीशीटर है, जिसकी गिरफ्तारी और हथियार की बरामदगी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर हत्या की साजिश, प्रेम प्रसंग और ईर्ष्या की पुष्टि हुई है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

मऊ से राकेश कुमार सिंह की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें 

टॉमी और कोबरा के बीच जंग का वीडियो वायरल, मालिक के परिवार की बचाई जान

कानपुर पुलिस ने 'दबंगों' का निकाला पैदल जुलूस, आरोपी बोले- अब नहीं करेंगे अपराध

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।