प्रयागराज: माफिया डॉन अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ अहमद को रविवार देर शाम दफना दिया गया। दोनों भाइयों को प्रयागराज के कसारी मसारी कब्रिस्तान में दफनाया गया। जनाजे में अतीक के दोनों नाबालिग बेटे एहजाम और अबान भी पहुंचे। वहीं अशरफ की दोनों बेटियां भी कब्रिस्तान में मौजूद रहीं। इस बीच ऐसी खबरें भी आईं कि अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन कब्रिस्तान में जनाजे में शामिल होने के लिए पहुंच गई हैं लेकिन पुलिस के द्वारा ऐसी कोई पुष्टि नहीं की गई। बाद में इस बात से जुड़ी कोई पुख्ता जानकारी सामने नहीं आई। गौरतलब है कि अतीक की पत्नी शाइस्ता फरार चल रही हैं।