1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. क्या फिर से मुलायम के गढ़ में सपा को पटखनी दे पाएंगे 'निरहुआ'? जानें अहीर रेजिमेंट और यादव वोट पर क्या बोले

क्या फिर से मुलायम के गढ़ में सपा को पटखनी दे पाएंगे 'निरहुआ'? जानें अहीर रेजिमेंट और यादव वोट पर क्या बोले

 Edited By: Amar Deep
 Published : May 24, 2024 02:12 pm IST,  Updated : May 24, 2024 02:42 pm IST

आजमगढ़ लोकसभा सीट इस बार के चुनाव में काफी चर्चा में है। दरअसल ये सीट समाजवादी पार्टी का गढ़ कही जाती है, लेकिन भाजपा ने उपचुनाव में यहां से दिनेश लाल यादव निरहुआ को यहां से मैदान में उतारा और उन्होंने जीत भी हासिल की। निरहुआ यहां से सांसद भी हैं। ऐसे में अब निरहुआ और सपा के धर्मेंद्र यादव आमने-सामने हैं।

निरहुआ ने सपा पर साधा निशाना।- India TV Hindi
निरहुआ ने सपा पर साधा निशाना। Image Source : FILE

आजमगढ़: यूपी में लोकसभा चुनाव सात चरणों के तहत हो रहा है। पांच चरणों के चुनाव के बाद छठवें चरण पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। इसी चरण में यूपी की चर्चित सीटों में से एक आजमगढ़ लोकसभा सीट पर भी चुनाव होना है। लोकसभा चुनाव से पहले आजमगढ़ सीट से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी और सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ ने एक इंटरव्यू दिया। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए परिवारवाद पर हमला बोला। बता दें कि इस बार भी उनकी सीधी लड़ाई सपा के धर्मेंद्र यादव से ही है। 

कितनी कठिन होगी लड़ाई

इंटरव्यू में दिनेश लाल यादव से पूछा गया कि आप 2022 का उपचुनाव जीत गए थे। इस बार की लड़ाई कितनी कठिन है? इस पर उन्होंने कहा कि 'कोई कठिनाई नहीं है। यहां से लंबे समय तक जिन लोगों को मौका दिया गया, वे यहां से भाग चुके हैं। यहां के लोग भी जान चुके हैं कि वे भगोड़े हैं, जीतें चाहे हारें, भाग जाते हैं। फिर, भाजपा को मौका दिया। कमल खिला। डेढ़ सालों में इतना काम किया है कि यहां के लोग समझ गए हैं कि भाजपा सरकार में ही आजमागढ़ में तेजी से विकास होगा। जनता का पूरा समर्थन हमारे साथ है।'

गुड्डू जमाली के सपा में जाने का असर

धर्मेंद्र यादव पर निशाना साधते हुए निरहुआ ने कहा कि 'हम लोगों के पास राष्ट्रवाद और देश को विकसित करने की स्क्रिप्ट है। उस पर धरातल पर काम हो रहा है। इनके पास परिवारवाद की स्क्रिप्ट है। जो सुपर फ्लॉप है। सड़ चुकी है। बदबू आ रही है। उसे ये ढो रहे हैं।' वहीं बसपा प्रत्याशी गुड्डू जमाली के सपा में जाने का चुनाव पर पड़ने वाले फैक्टर को लेकर उन्होंने कहा कि 'गुड्डू जमाली के सपा में जाने से बसपा का पूरा वोट क्या सपा के साथ चला गया है? ऐसा तो नहीं है। गुड्डू जमाली अकेले गए हैं। उनके जाने से 5 से 7 हजार वोट प्रभावित हुआ होगा।' 

मुलायम के गढ़ पर बोले निरहुआ

दिनेश लाल यादव से जब कहा गया कि आजमगढ़ को मुलायम गढ़ कहा जाता है, इस पर उन्होंने कहा कि 'यहां के यादवों ने समझ लिया है। 2019 या 2022 में समझ गए। चाहे हारे या जीतें, यहीं रहे। यादवों के काम भी किए। वो (सपा) लोग हारें चाहे जीतें, यहां से भाग गए। काम तो दिनेश लाल निरहुआ ने ही किया। यादव भी हमारे साथ आ गए हैं।' सपा विधायक रमाकांत यादव के बेटे अरुण कांत के भाजपा में होने पर उन्होंने कहा कि 'जो भी अपने दल में है, वे सभी मेहनत कर रहे हैं। सभी जीत के लिए पूरी शिद्दत से जुटे हैं।'

अहीर रेजिमेंट पर बोले दिनेश लाल यादव

रोजगार को लेकर अपने बयान की वजह चर्चा में रहने को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि 'मैंने जो बयान दिया था, उसमें थोड़ी सी कटिंग कर विपक्ष ने मामले को तूल दिया। मैंने अपने बयान में न तो हिंदू के बारे कुछ कहा और न ही मुस्लिम के बारे में। विपक्ष के लोग हर जगह तुष्टीकरण ढूंढ लेते हैं।' वहीं अहीर रेजिमेंट की मांग को अग्निवीर योजना में पूरा कर पाने के सवाल पर दिनेश लाल यादव ने कहा कि 'अहीर रेजिमेंट बनना चाहिए। अग्निवीर योजना का विपक्ष विरोध कर रहा है, लेकिन इसके बारे में इन्हें कुछ पता नहीं है। इस योजना में ट्रेनिंग के साथ-साथ पैसे मिल रहे हैं। जब वे रिटायर होंगे तो उनके पास अच्छा खासा पैसा होगा। वे अपना व्यवसाय कर सकेंगे। नौकरियों में भी प्राथमिकता मिलेगी।'

संविधान बदलने पर बोले निरहुआ

वहीं विपक्ष के द्वारा बेरोजगारी और संविधान बदलने जैसे मुद्दों को लगातार उठाए जाने को लेकर दिनेश लाल यादव से सवाल पूछा गया। इसपर उन्होंने कहा कि 'विपक्ष को जब कुछ मिलता नहीं है तो ये झूठ बोलने लगते हैं। हमारे प्रधानमंत्री ने नौजवानों के लिए पूरी योजना बना रखी है। आने वाले समय में भारत मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर का हब बनेगा। हर किसी के पास रोजगार होगा। पीएम विकसित राष्ट्र बनाने में लगे हैं।' (इनपुट- आईएएनएस)

यह भी पढ़ें- 

MP हाईकोर्ट ने पॉक्सो के आरोपी को दी सशर्त जमानत, हफ्ते में 2 दिन करना होगा ये काम; जानें क्या है शर्त

बांग्लादेशी सांसद के शरीर की खाल उतारी, हड्डियों के टुकड़े किए, मांस को काटकर पैक किया, गिरफ्तार कसाई ने किया खुलासा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।