1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. Lok Sabha Election 2024: शिवपाल यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज, मायावती को लेकर दिया था विवादित बयान

Lok Sabha Election 2024: शिवपाल यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज, मायावती को लेकर दिया था विवादित बयान

 Edited By: Amar Deep
 Published : May 06, 2024 11:24 am IST,  Updated : May 06, 2024 01:26 pm IST

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव के खिलाफ एक मुकदमा दर्ज किया गया है। बसपा के बदायूं जिलाध्यक्ष राम प्रकाश त्यागी की शिकायत पर ये मुकदमा दर्ज हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया है कि शिवपाल यादव ने मायावती को लेकर अभद्र टिप्पणी की है, जिससे कार्यकर्ताओं में रोष है।

शिवपाल यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज।- India TV Hindi
शिवपाल यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज। Image Source : PTI/FILE

बदायूं: बहुजन समाज पार्टी (BSP) प्रमुख मायावती को लेकर अभद्र टिप्पणी करना सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव को भारी पड़ गया है। बदायूं के बसपा जिलाध्यक्ष की तहरील पर मायावती के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि बसपा के जिला अध्यक्ष राम प्रकाश त्यागी की तहरीर पर शिवपाल यादव के खिलाफ भारतीय दंड विधान की धारा 504 (जानबूझकर अपमान करना) और 505 (सामाजिक उपद्रव फैलाने वाला वक्तव्य देना) के तहत रविवार देर रात मुकदमा दर्ज किया गया है। 

कार्यकर्ताओं में रोष

इस मामले में वादी बसपा के जिला अध्यक्ष राम प्रकाश त्यागी ने दावा किया कि उन्होंने गत 3 मई को अपने मोबाइल फोन पर एक चैनल की समाचार क्लिपिंग देखी थी, जिसमें शिवपाल ने बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती के खिलाफ अमर्यादित व अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया था। उन्होंने कहा कि मायावती चार बार उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री रह चुकी हैं और उनके लिए अपमानजनक शब्द प्रयोग करने से बसपा कार्यकर्ताओं में बहुत रोष है। 

जांच के बाद दर्ज हुआ मुकदमा

बसपा जिलाध्यक्ष राम प्रकाश त्यागी के अनुसार इसी वजह से उन्होंने पुलिस को उस टिप्पणी का वीडियो उपलब्ध कराया था, जिसकी जांच करने के बाद कोतवाली सिविल लाइंस में शिवपाल के विरुद्ध उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। त्यागी ने कहा कि इस मामले पर राष्ट्रीय महिला आयोग और राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग को भी संज्ञान लेना चाहिए। बता दें कि शिवपाल के बेटे आदित्य यादव बदायूं लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार हैं। समाजवादी पार्टी यहां से पहले भी अपने दो उम्मीदवार बदल चुकी है। समाजवादी पार्टी ने पहले इस सीट से धर्मेंद्र यादव को मैदान में उतारा था। बाद में एक अन्य सूची में पार्टी ने धर्मेंद्र यादव की जगह शिवपाल यादव को बदायूं से प्रत्याशी बनाया। इसके बाद एक अन्य लिस्ट जारी कर शिवपाल यादव की जगह बदायूं सीट से उनके बेटे आदित्य यादव को टिकट दिया। (इनपुट- भाषा)

यह भी पढ़ें- 

पुरी के कांग्रेस प्रत्याशी पर ईंट और कांच की बोतलों से हमला, हुए घायल

झारखंड में ईडी को मिला नोटों का पहाड़, नौकर के यहां ईडी की छापेमारी, मंत्री आलमगीर से जुड़ा है मामला

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।