1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. PM मोदी ने तीसरी बार वाराणसी से भरा नामांकन, जानें पर्चा दाखिल करने के बाद क्या कहा

PM मोदी ने तीसरी बार वाराणसी से भरा नामांकन, जानें पर्चा दाखिल करने के बाद क्या कहा

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : May 14, 2024 02:53 pm IST,  Updated : May 14, 2024 02:55 pm IST

Lok Sabha Elections 2024: वाराणसी से नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद पीएम मोदी ने कहा कि यहां से लगातार तीसरी बार नामांकन कर बेहद उत्साहित हूं। उन्होंने कहा कि जनता-जनार्दन के कल्याण में जुटा रहूंगा।

पीएम मोदी ने वाराणसी से दाखिल किया नामांकन पत्र- India TV Hindi
पीएम मोदी ने वाराणसी से दाखिल किया नामांकन पत्र Image Source : PTI

Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव 2024 के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीजेपी शासित राज्यों के करीब आधा दर्जन मुख्यमंत्रियों, बीजेपी के अध्यक्ष, कई केंद्रीय मंत्रियों और NDA के विभिन्न घटक दलों के नेताओं की मौजूदगी में मंगलवार को वाराणसी से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद उन्होंने कहा कि वह अपने तीसरे कार्यकाल में भी नई ऊर्जा व शक्ति के साथ अपने संसदीय क्षेत्र के चौतरफा विकास और जनता-जनार्दन के कल्याण में जुटे रहेंगे। 

नामांकन के बाद पीएम का ट्वीट 

नामांकन दाखिल करने के बाद ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा, "काशी के मेरे परिजनों का हृदय से आभार! वाराणसी से लगातार तीसरी बार नामांकन कर बेहद उत्साहित हूं।" उन्होंने कहा. "बीते 10 वर्षों में आप सबसे जो अद्भुत स्नेह और आशीर्वाद मिला है, उसने मुझे निरंतर सेवाभाव और पूरे संकल्प के साथ काम करने के लिए प्रेरित किया है। आपके भरपूर समर्थन और सहभागिता से मैं अपने तीसरे टर्म में भी नई ऊर्जा-शक्ति के साथ यहां के चौतरफा विकास और जनता-जनार्दन के कल्याण में जुटा रहूंगा। जय बाबा विश्वनाथ!" इस पोस्ट के साथ प्रधानमंत्री ने नामांकन के दौरान की कुछ भी तस्वीरें भी शेयर की। 

सातवें चरण में होगा मतदान

मोदी ने वाराणसी लोकसभा क्षेत्र से नामांकन दाखिल करने से पहले मंगलवार को सुबह गंगा नदी के तट पर दशाश्वमेध घाट पर पूजा की और काल भैरव मंदिर में दर्शन किए। वाराणसी में लोकसभा चुनाव के सातवें चरण में एक जून को मतदान होगा। वाराणसी संसदीय सीट पर मोदी ने 2014 में पहली बार और 2019 में दूसरी बार जीत हासिल की थी। सफेद कुर्ता-पायजामा और नीली सदरी पहने मोदी अपना नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए वाराणसी जिलाधिकारी के कार्यालय (कलेक्ट्रेट) पहुंचे। इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनके साथ थे। नामांकन दाखिल करते समय प्रधानमंत्री मोदी के साथ, अयोध्या के राम मंदिर में भगवान राम लला के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा का मुहूर्त निकालने वाले पंडित गणेश्वर शास्त्री और पटेल जनसंघ के समय के पुराने कार्यकर्ता और पिछड़ा वर्ग के बैजनाथ पटेल मौजूद थे। गणेश्वर शास्त्री द्रविड़, बैजनाथ पटेल, लालचंद कुशवाहा व दलित समाज के संजय सोनकर प्रधानमंत्री के नामांकन के चार प्रस्तावक हैं। 

ये भी पढ़ें- 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।