1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. लखनऊ में महिला का पहले किया गया अपहरण, फिर गैंगरेप के बाद की गई हत्या, जांच में जुटी पुलिस

लखनऊ में महिला का पहले किया गया अपहरण, फिर गैंगरेप के बाद की गई हत्या, जांच में जुटी पुलिस

 Edited By: Avinash Rai
 Published : Mar 21, 2025 07:08 am IST,  Updated : Mar 21, 2025 07:08 am IST

उत्तर प्रदेश के राजधानी लखनऊ में एक महिला संग गैंगरेप और उसकी हत्या का मामला सामने आया है। इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में आलमबाग थानाध्यक्ष समेत 7 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है।

Lucknow a woman was first kidnapped then gang-raped and then murdered up police investigating- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : FILE PHOTO

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मलीहाबाद क्षेत्र में 32 वर्षीय एक महिला का कथित तौर पर अपहरण करके उसकी सामूहिक बलात्कार के बाद हत्या कर दी गई। यह जानकारी पुलिस ने बृहस्पतिवार को दी। इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में आलमबाग के थानाध्यक्ष समेत सात पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस ने बताया कि अयोध्या में रहने वाली महिला वाराणसी में नौकरी के लिए साक्षात्कार देने के बाद चिनहट में अपने भाई के घर जा रही थी। पुलिस ने बताया कि उसके परिवार के अनुसार, उसने बुधवार की सुबह आलमबाग से एक ऑटोरिक्शा किराये पर लिया, लेकिन वाहन का चालक उसे मलीहाबाद की ओर ले गया। 

आम के बगीचे में बेहोशी की हालत में मिली पीड़िता

पुलिस उपायुक्त (अपराध) कमलेश कुमार दीक्षित ने बृहस्पतिवार को बताया, "महिला के भाई ने बुधवार भोर करीब चार बजे उसके लापता होने की सूचना दी। उसने अपने भाई के साथ अपनी लाइव लोकेशन साझा की थी, जिसमें संदेह जताया गया था कि ऑटोरिक्शा चालक उसे गलत रास्ते पर ले जा रहा था।" उन्होंने कहा कि जब उसकी आखिरी लोकेशन मलीहाबाद के पास थी, तो उसके परिवार ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद स्थानीय पुलिस ने महिला की तलाश शुरू कर दी। डीसीपी ने बताया कि महिला मलीहाबाद के मोहम्मद नगर तालुकदारी के पास एक आम के बगीचे में बेहोशी की हालत में मिली थी। 

डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित किया

उन्होंने बताया कि महिला को किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डीसीपी ने कहा, "भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत अज्ञात बदमाशों के खिलाफ एक मामला दर्ज किया गया है और पुलिस की तीन टीम मामले की जांच कर रही हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही हैं।" उन्होंने बताया कि इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में आलमबाग के थानाध्यक्ष कपिल गौतम, उपनिरीक्षक राम बहादुर, कमरुज्जमा, शिव नंदन सिंह, हेड कांस्टेबल राजेश कुमार, विजय यादव और पंकज यादव को निलंबित कर दिया गया है।" 

(इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।