1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. पुलिस हिरासत में मौत मामले में CCTV फुटेज आया सामने, अखिलेश यादव बोले- नाम बदलकर 'अत्याचार गृह' हो

पुलिस हिरासत में मौत मामले में CCTV फुटेज आया सामने, अखिलेश यादव बोले- नाम बदलकर 'अत्याचार गृह' हो

 Reported By: Ruchi Kumar Edited By: Malaika Imam
 Published : Oct 27, 2024 06:22 pm IST,  Updated : Oct 27, 2024 06:22 pm IST

लखनऊ के चिनहट पुलिस थाने में हिरासत में एक शख्स की मौत हो गई। इस घटना पर अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया देते हुए राज्य की बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है।

पुलिस हिरासत में मौत मामले में अखिलेश यादव ने दी प्रतिक्रिया- India TV Hindi
पुलिस हिरासत में मौत मामले में अखिलेश यादव ने दी प्रतिक्रिया

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के चिनहट पुलिस थाने में हिरासत में एक शख्स की मौत हो गई, जिसका सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। मामले में रविवार को संबंधित पुलिस निरीक्षक समेत कई लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया। समाजवादी पार्टी यानी SP के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस घटना पर प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए राज्य की बीजेपी सरकार पर निशाना साधा और कहा कि 'पुलिस हिरासत' का नाम बदलकर 'अत्याचार गृह' कर दिया जाना चाहिए।

अखिलेश यादव ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''उत्तर प्रदेश की राजधानी में पिछले 16 दिनों में पुलिस हिरासत में मौत (हत्या पढ़ा जाए) का दूसरा समाचार मिला है। नाम बदलने में माहिर सरकार को अब 'पुलिस हिरासत' का नाम बदलकर 'अत्याचार गृह' रख देना चाहिए। पीड़ित परिवार की हर मांग पूरी की जाए, हम उनके साथ हैं।''

हवालात में लेटा हुआ दिख रहा है

घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें मोहित हवालात में लेटा हुआ दिखाई दे रहा है। हालांकि, परिवार के सदस्यों ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने मोहित को हिरासत में इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई और खुद को बचाने के लिए जानबूझकर वीडियो का एक छोटा सा हिस्सा लीक किया है। मोहित के भाई शोभाराम ने कहा कि उसे भी पुलिस ने हिरासत में लिया था, बाद में उसे छोड़ दिया गया। उसने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने उसके भाई को उसके सामने बेरहमी से पीटा और वह कुछ नहीं कर सका। मोहित की मौत के बाद पुलिसकर्मी उसे अस्पताल ले गए।

"हिरासत में तबीयत खराब हुई"

पुलिस सूत्रों ने बताया कि चिनहट के जैनाबाद निवासी 30 वर्षीय मोहित कुमार को पुलिस ने शनिवार को एक मामले में हिरासत में ले लिया था। उसी दिन हिरासत में ही मोहित की तबीयत खराब हो गई, जिसके बाद मोहित को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) और बाद में उच्चतर स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद पीड़ित के परिवार के सदस्यों ने पुलिस पर मोहित की हत्या का आरोप लगाते हुए धरना-प्रदर्शन किया। 

चिनहट थाने के निरीक्षक के खिलाफ FIR

विभूति खंड के सहायक पुलिस आयुक्त राधारमण सिंह ने बताया कि इस मामले में मृतक मोहित की मां की शिकायत पर चिनहट थाने के निरीक्षक अश्विनी चतुर्वेदी और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि मोहित की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए डॉक्टरों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम किया जाएगा और इसकी वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।

ये भी पढ़ें-

यूपी: शिवपाल सिंह यादव भड़के, दामाद अनुजेश को कहा भगोड़ा, करहल विधानसभा उपचुनाव के लिए कर रहे प्रचार

पंजाब में नशे की बड़ी खेप बरामद, 105 किलोग्राम हेरोइन के साथ विदेशी ड्रग्स तस्कर गिरोह का हुआ भंडाफोड़

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।