1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. लखनऊ: केजीएमयू में मरीजों व तीमारदारों से 'कार्डियो सेवा संस्थान' के नाम पर ठगी, आरोपी गिरफ्तार

लखनऊ: केजीएमयू में मरीजों व तीमारदारों से 'कार्डियो सेवा संस्थान' के नाम पर ठगी, आरोपी गिरफ्तार

 Reported By: Ruchi Kumar Edited By: Rituraj Tripathi
 Published : Apr 21, 2026 11:22 pm IST,  Updated : Apr 21, 2026 11:22 pm IST

लखनऊ में केजीएमयू से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां मरीजों व तीमारदारों से 'कार्डियो सेवा संस्थान' के नाम पर ठगी की जा रही थी। जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Lucknow- India TV Hindi
आरोपी गिरफ्तार Image Source : REPORTER INPUT

लखनऊ: यूपी के लखनऊ से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां के केजीएमयू में मरीजों व तीमारदारों से ठगी करने वाले एक फर्जी शख्स को गिरफ्तार किया गया है। यहां कार्डियो सेवा संस्थान के नाम पर अवैध धन वसूली का खुलासा हुआ है। थाना चौक पुलिस की टीम ने ये कार्रवाई की है।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस ने बताया कि आज किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू), लखनऊ के प्राक्टर कार्यालय से प्रो0 आर.एस. कुशवाहा, चीफ प्रॉक्टर द्वारा हस्ताक्षरित पत्र के माध्यम से थाना चौक को सूचित किया गया था कि हस्साम अहमद नामक व्यक्ति द्वारा धोखाधड़ी समेत तमाम गलत काम किए जा रहे हैं।

सूचना के बाद पुलिस एक्टिव हुई और हस्साम को एमबीबीएस छात्रों द्वारा केजीएमयू परिसर में पकड़ा गया। वह कार्डियो सेवा संस्थान नामक कथित ट्रस्ट के माध्यम से अस्पताल में उपचार हेतु आने वाले मरीजों एवं उनके तीमारदारों से अवैध धन वसूली/ठगी कर रहा था।

जांच में पता लगा कि उसके द्वारा 13 अप्रैल 2026 को डॉ केके सिंह (प्रोफेसर, सर्जरी विभाग एवं डीन पैरामेडिकल) के फर्जी हस्ताक्षर बनाकर एमबीबीएस 2023 बैच के छात्रों के नाम एक नकली नोटिस जारी किया गया, जिसमें 29 अप्रैल 2026 को एम्स दिल्ली में आयोजित कथित कॉन्फ्रेंस में प्रतिभाग करने का उल्लेख किया गया था, जो पूरी तरह झूठ था।

मिली जानकारी के मुताबिक, वह एमबीबीएस छात्राओं को कॉन्फ्रेंस के नाम पर भ्रमित कर दिल्ली अथवा अन्य स्थानों पर ले जाने का प्रयास कर रहा था। उसके खिलाफ सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है और अभियुक्त से विस्तृत पूछताछ की जा रही है।

जानकारों का कहना है कि मरीज और उनके तीमारदार ऐसे ठगों से सावधान रहें क्योंकि मरीज और उसके परिजन हॉस्पिटल में पहले से ही परेशान होकर आते हैं और जब ऐसी अवस्था में वह ठगी का शिकार होते हैं तो उनके ऊपर दुखों का पहाड़ टूट पड़ता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।