यूपी के महोबा जिले के चरखारी में एकतरफा प्रेम के चक्कर में एक सनक सवार आशिक ने हदें पार कर दीं। युवक ने युवती को शादी के लिए मजबूर करने के इरादे से बार-बार फोन कॉल कर उत्पीड़न किया। सनकी आशिक ने एक नहीं दो बार नहीं बल्कि अब तक युवती को 6,159 बार फोन कॉल और 315 बार डरावने मैसेज भेजकर दशहत फैला दी। युवती ने जब शादी से इनकार किया तो उसने एसिड अटैक की धमकी दे डाली। महोबा डिपो में कार्यरत लेडी कंडक्टर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
क्या है पूरा मामला?
चरखारी निवासी युवती, जो उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन निगम के महोबा डिपो में परिचालक के पद पर कार्यरत है, ने तहरीर में बताया कि चरखारी कब्जे के भैरोगंज निवासी मोहम्मद रहीस उसे लंबे समय से परेशान कर रहा है। रहीस ने एक मोबाइल नंबर से 4,387 बार और दूसरे नंबर से 1,772 बार कॉल करके शादी के लिए दबाव डाला। इतना ही नहीं, उसने लगातार 315 मैसेज भेजकर भी उसे धमकाया। पीड़िता का कहना है कि शादी से इनकार करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने और एसिड अटैक की धमकी दी।
तेजाब से चेहरा जला देने की धमकी
आरोपी ने उसके पिता को भी डराते हुए कहा कि अगर युवती ने उसकी बात नहीं मानी तो तेजाब डालकर उसका चेहरा जला देगा। इस वजह से युवती नौकरी पर जाने से भी सहमी हुई है। पुलिस उप अधीक्षक रवीकांत गौड़ ने बताया कि आरोपी रहीस के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
देखें वीडियो-
आरोपी के परिजन भी शादी के लिए कर रहे मजबूर
दी गई तहरीर में युवती ने बताया कि आरोपी द्वारा उसे परेशान करने का सिलसिला काफी समय से जारी है। 2 साल पहले भी उसने चरखारी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। उस समय आरोपी और उसके परिजनों ने लिखित हलफनामा देकर दोबारा ऐसी हरकत न करने का आश्वासन दिया था। बावजूद इसके रहीस ने फिर से उसी तरह का दबाव बनाना शुरू कर दिया। युवती ने यह भी आरोप लगाया कि अब आरोपी के परिजन भी उसे शादी के लिए मजबूर कर रहे हैं और मना करने पर जिंदगी बर्बाद करने की धमकी दे रहे हैं।
(रिपोर्ट- पंकज द्विवेदी)
यह भी पढ़ें-
'तुम्हें पत्नी की तरह देखता हूं', 7वीं की छात्रा को प्रिंसिपल ने थमाया लव लेटर, हुआ अरेस्ट
दूसरी जाति के युवक से प्यार करती थी बेटी, पिता ने गला घोंटकर कर दी हत्या, घर के आंगन में जलाया शव