उत्तर प्रदेश के महोबा में रविवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। कबरई थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ओवर लोड ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण घायल ने भी अस्पताल मे दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
एक की मौके पर मौत, दूसरा अस्पताल में फर्श पर पड़ा रहा
यह दर्दनाक हादसा कबरई थाना क्षेत्र के पांडेय पुलिया के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों दूर सड़क में उछल कर जा गिरे। हादसे में कर्वी, चित्रकूट निवासी अश्विनी सोनी (30) पुत्र संजय सोनी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं सोनू सोनी, पुत्र जवाहर लाल सोनी, निवासी शंकर बाजार, कुबेरगंज, कर्वी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कबरई लाया गया जहां वह घंटों तक जमीन पर पड़ा रहा।
इलाज में देरी के आरोप
परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि अस्पताल में घायल को समय पर उपचार नहीं मिला। उनका कहना है कि सोनू करीब डेढ़ घंटे तक अस्पताल परिसर में जमीन पर तड़पता रहा, लेकिन इलाज शुरू नहीं किया गया। बाद में उसकी भी मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल में परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने स्वास्थ्य विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
हादसे का वीडियो आया सामने-
उधर, पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है। साथ ही हादसे के बाद फरार ट्रक चालक की तलाश भी की जा रही है। एक तरफ सड़क हादसे ने दो जिंदगियां छीन लीं, तो दूसरी ओर इलाज में देरी के आरोपों ने सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
वहीं, आपको बता दें कि आज महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई से सड़क हादसे की एक दर्दनाक वारदात सामने आई है। मानखुर्द इलाके में एक BEST बस डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे की चपेट में आने से एक शख्स की मौत हो गई है जबकि बस ड्राइवर और कंडक्टर घायल हो गए।
(रिपोर्ट- शांतनु सोनी)
यह भी पढ़ें-
सीतामढ़ी में बागमती नदी में पलटी 40 यात्रियों से भरी नाव, मची चीख-पुकार, हादसे का VIDEO आया सामने
बैरसिया में दर्दनाक हादसा, स्कार्पियो ने 3 साल की मासूम को रौंदा, CCTV में कैद हुई घटना