बाराबंकी: दिल्ली से बिहार जा रही डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर बाराबंकी में पलट गई। हादसे में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि ये हादसा बस का अचानक संतुलन बिगड़ने के चलते हुआ। हादसे की वजह से अफरा-तफरी मच गई। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। हादसे की शिकार बस (UP 72AT1781) में करीब 70 यात्री सवार थे। हादसे में 14 यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। किसी की मृत्यु नहीं हुई।
कई घंटे की मशक्कत के बाद यातायात हुआ बहाल
बताया जा रहा है कि एक प्राइवेट बस हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर पलट गई। यह बस दिल्ली से सवारियां लेकर बिहार के मधुबनी जा रही थी। बीच सड़क पर बस पलटते ही मौके पर चीज पुकार मच गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए सीएचसी हैदरगढ़ में भर्ती करवाया। कई घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने बस को हटाकर यातायात बहाल किया। पुलिस ने बताया कि हादसा बस के अनियंत्रित होने के कारण हुआ। सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घायलों के नाम इस प्रकार हैं
दयानंद पासवान (29), रूपा देवी (33), ईशा कुमारी (30), आरव कुमार (7), मयंक कुमार (2), शत्रुघ्न पासवान (40), निशा चौधरी (32), अशोक कुमार (38), गुड़िया देवी (35), लकी कुमार (15), रोशन कुमार (24), संतोष ठाकुर (32), बिमला देवी, लुखिया देवी सहित अन्य। पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि लंबी दूरी की यात्रा के दौरान सावधानी बरतें और वाहन चालकों को भी सतर्कता के साथ वाहन चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
कंटेनर की टक्कर से बाइक सवार दंपति की मौत
वहीं, पीलीभीत जिले में बृहस्पतिवार शाम एक कंटेनर की टक्कर लगने से मोटरसाइकिल सवार दंपति की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि दियूरिया कोतवाली क्षेत्र के निवासी प्रेम कुमार उर्फ नन्हे (35) और उसकी पत्नी लौंगश्री (30) पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के पिपरिया दुलई गांव में अपने किसी रिश्तेदार की मौत पर संवेदना प्रकट कर घर लौट रहे थे। पुलिस के मुताबिक, शाम लगभग पांच बजे मुख्य मार्ग पर खुटार की ओर से आ रहे तेज रफ्तार एक कंटेनर ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि पति-पत्नी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
रिपोर्ट- दीपक निर्भय