1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. गौतमबुद्धनगर में 1 मई को बड़ा जनकल्याण कार्यक्रम, श्रमिकों को मिलेंगी कई जरूरी सुविधाएं

गौतमबुद्धनगर में 1 मई को बड़ा जनकल्याण कार्यक्रम, श्रमिकों को मिलेंगी कई जरूरी सुविधाएं

 Published : Apr 28, 2026 08:07 pm IST,  Updated : Apr 28, 2026 08:10 pm IST

उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर में 1 मई 2026 को बड़ा जनकल्याण कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें श्रमिकों के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा, बैंकिंग और आपूर्ति से जुड़ी कई योजनाओं का शुभारंभ होगा।

Medha Roopam, Medha Roopam IAS- India TV Hindi
श्रमिकों के बीच विभिन्न योजनाओं की जानकारी देतीं गौतमबुद्धनगर की जिलाधिकारी मेधा रूपम। Image Source : REPORTER INPUT

गौतमबुद्धनगर: उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर में 1 मई 2026 को बड़े स्तर पर जनकल्याण और विकास से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में स्वास्थ्य, शिक्षा, श्रम, बैंकिंग और आपूर्ति विभाग से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया जाएगा, जिसका उद्देश्य श्रमिकों और आम जनता को अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

स्वास्थ्य विभाग में बड़े कदम

कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा 44 स्थानों पर टेलीमेडिसिन सुविधाओं का शिलान्यास किया जाएगा। औद्योगिक इकाइयों में 79 स्थानों पर डिस्पेंसरी और एम्बुलेंस रूम की स्थापना का शिलान्यास भी होगा। इसके अलावा 25 मोबाइल मेडिकल वैन (मुख्यमंत्री आरोग्य रथ) को हरी झंडी दिखाकर शुरू किया जाएगा। साथ ही 3 लाख सेनेटरी पैड का वितरण किया जाएगा और 201 स्थानों पर श्रमिक आरोग्य शिविर लगाए जाएंगे, जहां लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं दी जाएंगी। 31 मल्टी सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों में ऑन-साइट मुफ्त चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

इसके अलावा 25 हेल्थ एटीएम का लोकार्पण, 4 एएलएस एम्बुलेंस का शुभारंभ और 10 ब्लड एनालाइजर का उद्घाटन किया जाएगा। 5 पोर्टा क्लिनिक और 15 हेल्थ वेलनेस सेंटर का शिलान्यास भी किया जाएगा, साथ ही सीएचओ (कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर) की नियुक्ति प्रक्रिया भी शुरू होगी। 5 नए अस्पतालों को आयुष्मान भारत योजना में शामिल किया जाएगा और 201 अस्पतालों में श्रमिक हेल्प डेस्क स्थापित होंगे। जिला प्रशासन की तरफ से श्रमिक आवासीय कैंपों के पते और 31 अस्पतालों की सूची भी उपलब्ध कराई गई है, जहां 1 मई को निःशुल्क उपचार की सुविधा दी जाएगी।

देखें आवासीय कैंपों के पते एवं अस्पतालों की लिस्ट

शिक्षा के क्षेत्र में भी बड़ी पहल

शिक्षा विभाग के तहत हल्दौनी प्राइमरी स्कूल और छजारसी कंपोजिट स्कूल का लोकार्पण किया जाएगा। वहीं सेक्टर-33, YEIDA में सीएम कंपोजिट स्कूल का शिलान्यास होगा। इसके अलावा कौशल विकास के लिए 5 डिजिटल वैन और बसों का शुभारंभ किया जाएगा। श्रमिक आबादी वाले 40 स्कूलों में दूसरी पाली में कौशल विकास और अतिरिक्त कक्षाएं चलाई जाएंगी। साथ ही ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत 25 जागरूकता कैंप भी आयोजित किए जाएंगे।

24 निर्माण श्रमिक पंजीयन केंद्रों का उद्घाटन

श्रम विभाग द्वारा 24 निर्माण श्रमिक पंजीयन केंद्रों का उद्घाटन किया जाएगा। 43 ‘केचो’ (शिशु कक्ष) और 79 एम्बुलेंस रूम/डिस्पेंसरी का भी उद्घाटन होगा। इसके अलावा उद्योग, प्रशासन और स्वयं सहायता समूहों के बीच 15 एमओयू (समझौता ज्ञापन) किए जाएंगे, जिससे श्रमिकों को दी जाने वाली सुविधाएं दीर्घकालिक रूप से सुनिश्चित हो सकें।

बैंकिंग और वित्तीय जागरूकता

बैंकों द्वारा श्रमिक बस्तियों में 26 कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों में प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत खाते खोले जाएंगे, साथ ही प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना में लोगों को जोड़ा जाएगा। इसके अलावा वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव, UPI के उपयोग और स्वास्थ्य बीमा को लेकर भी जागरूकता फैलाई जाएगी और नए खाते खोले जाएंगे। आपूर्ति विभाग द्वारा 1 मई 2026 को 5 किलोग्राम के 15,000 एलपीजी गैस सिलेंडरों का वितरण किया जाएगा, जिससे जरूरतमंद परिवारों को राहत मिलेगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।