1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मेरठ: IIMT यूनिवर्सिटी में हॉस्टल की छत से गिरकर MBA छात्रा की मौत, खून से लथपथ शव देख मचा हड़कंप

मेरठ: IIMT यूनिवर्सिटी में हॉस्टल की छत से गिरकर MBA छात्रा की मौत, खून से लथपथ शव देख मचा हड़कंप

 Published : May 20, 2026 08:52 pm IST,  Updated : May 20, 2026 09:05 pm IST

मेरठ की IIMT यूनिवर्सिटी की MBA छात्रा अनु गुप्ता की गर्ल्स हॉस्टल की तीसरी मंजिल से गिरकर बुधवार सुबह मौत हो गई। नीचे गिरते ही उसका सिर फट गया। अनु का शव हॉस्टल की मेड ने खून से लथपथ पड़ा देखा था।

IIMT यूनिवर्सिटी में...- India TV Hindi
IIMT यूनिवर्सिटी में तीसरी मंजिल से गिरकर छात्रा की मौत। Image Source : REPORTER INPUT

मेरठ की IIMT यूनिवर्सिटी की MBA की छात्रा अनु गुप्ता की संदिग्ध मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। सहारनपुर की रहने वाली मृतक छात्रा मेरठ के IIMT में एमबीए फाइनल ईयर छात्रा थी। यूनिवर्सिटी के गर्ल्स हॉस्टल की तीसरी मंजिल से गिरकर अनु की बुधवार सुबह मौत हो गई। नीचे गिरते ही उसका सिर फट गया। छात्रा का शव हॉस्टल की मेड ने खून से लथपथ पड़ा देखा। वॉर्डन स्टाफ छात्रा को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने क्या आरोप लगाया?

मृतका के परिजनों ने बताया कि अनु कल (मंगलवार) सहारनपुर घर से वापस मेरठ आई थी और आज सुबह उसके गिरने की सूचना मिली। परिजनों का आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने अनु के गिरने की सूचना भी नहीं दी। आज सुबह जब उससे बात नहीं हो पा रही थी तो उन्होंने अपने स्तर पर जानकारी जुटाई तो पता चला कि अनु छत से गिर गई है।

मौके पर पहुंची पुलिस ने अपनी तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। एसपी देहात का कहना है कि हर बिन्दु पर गहनता से जांच की जा रही है। 

'स्टूडेंट्स और शिक्षकों के बीच व्यवहार असामान्य'

छात्रा की मौत से यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट्स सकते में आ गए और उनका कहना है कि यूनिवर्सिटी के अंदर माहौल अच्छा नहीं है, भय का माहौल है। आरोप है कि स्टूडेंट्स और शिक्षकों के बीच विश्वविद्यालय में व्यवहार असामान्य है।

छात्रों ने यूनिवर्सिटी के गेट पर सड़क जाम कर किया प्रदर्शन

वहीं अनु की मौत के बाद छात्र नेताओं और छात्रों में आक्रोश देखने को मिल रहा है। आईआईएमटी में छात्रा की मौत की सूचना बाहर आई तो अन्य छात्र यूनियन भी एक्टिव हो गई और उन्होंने भी विरोध किया। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के छात्र नेता विनीत चपराना भी आईआईएमटी पहुंचे और मामले की निष्पक्षता के साथ जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह मामला बेहद संगीन है, छात्रा की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है, इसलिए इस मामले की जांच विश्वविद्यालय प्रशासन और जिला पुलिस-प्रशासन गंभीरता से करें। 

'...तो सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होंगे छात्र'

वहीं, विनीत चपराना ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई और मामले की जांच में पारदर्शिता नहीं दिखाई तो छात्र सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होंगे। वहीं, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारी छात्रों को समझाकर जांच की बात कही है। अधिकारियों ने कहा कि इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही नही बरती जाएंगी, मृतका के परिजनों की तहरीर को ध्यान में रखते हुए हर एंगल पर जांच होगी।

(रिपोर्ट- हिमा अग्रवाल)

यह भी पढ़ें-

ट्विशा शर्मा ने सुसाइड किया था या हुई थी हत्या? पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुए कई खुलासे

कितनी ट्विशा और दीपिका...आखिर क्यों आज भी दहेज की बलि चढ़ रहीं बेटियां, डराने वाले हैं मौत के आंकड़े

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।