1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 'जो भी पति को छोड़कर भागे, मुझे बताएं, ढाई मीटर का कफन सिर पर है', पत्नी के प्रेमी की हत्या कर वायरल किया VIDEO

'जो भी पति को छोड़कर भागे, मुझे बताएं, ढाई मीटर का कफन सिर पर है', पत्नी के प्रेमी की हत्या कर वायरल किया VIDEO

 Published : Feb 26, 2026 09:24 am IST,  Updated : Feb 26, 2026 09:24 am IST

मेरठ में एक शख्स ने अपनी पत्नी के प्रेमी की सरे बाजार गोली मारकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं, हत्या के बाद आरोपी प्रदीप ने चलती बाइक पर अपना वीडियो रिकॉर्ड कर वायरल कर दिया।

meerut wife lover murder- India TV Hindi
आरोपी प्रदीप धीमान और मृतक सुनील गाबा। Image Source : REPORTER INPUT

मेरठ के बहसूमा थाना क्षेत्र के रामराज में पत्नी की बेवफाई के चलते परेशान पति ने ऐलानिया कत्ल को अंजाम दे डाला। बेखौफ होकर पत्नी के प्रेमी को सरेराह गोलियों से छलनी करने के बाद हत्यारोपी प्रदीप धीमान ने एक वीडियो वायरल किया है, जिसमें वह कहता नजर आ रहा है कि मुझे अपने मौत की परवाह नहीं है। सुनील गाबा को गोली मारकर आया हूं, वो भी 315,12 और 32 बोर के हथियार से। ये हथियार मेरे पास हैं, इन्हें नहर में फेंक दूंगा। और जो भी महिला अपने पति के साथ दगा करेगी उसे छोड़ देंगी, किसी और के साथ भागेगी तो मुझे (प्रदीप धीमान) बतायें, मैं उसकी हत्या कर दूंगा।

2 बच्चों को छोड़कार प्रेमी संग भागी थी पत्नी

जानकारी के मुताबिक, करीब डेढ़ साल पहले प्रदीप की पत्नी पूनम अपने 2 बच्चों को छोड़कर प्रेमी सुनील गाबा के साथ रहने लगी थी और इसी बात से प्रदीप नाराज था। हत्या के बाद आरोपी प्रदीप ने चलती बाइक पर अपना वीडियो रिकॉर्ड कर वायरल कर दिया।

'मेरे सिर पर ढाई मीटर का कफन बंधा है'

पुलिस-प्रशासन को खुली चुनौती देते हुए वह कहता है कि उसका अगला टारगेट पत्नी पूनम है। वीडियो में प्रदीप कह रहा है, ''मेरी पत्नी पूनम डेढ़ साल पहले बच्चों को छोड़कर प्रेमी के साथ भाग गई, आज सुनील गाबा को रास्ते से हटा दिया है। अगला नम्बर पूनम का है। मैंने अपनी पत्नी के आशिक को तीन गोलियां मारकर मार डाला है। जो भी महिला घर छोड़कर भागेगी, उसका यही इंतजाम करूंगा। अब अपनी पत्नी को भी मारूंगा। मेरे सिर पर ढाई मीटर का कफन बंधा है, मैं पुलिस-प्रशासन से नहीं डरता।''

हस्तिनापुर के पूर्व इंस्पेक्टर और दारोगा को दी हत्या की धमकी

प्रदीप वीडियो में कहता सुनाई दे रहा है, वीडियो खूब वायरल कर दो। बहसूमा पुलिस को भेज दो, मैं किसी से नहीं डरता, ढाई गज का कफन साथ लेकर चला हूं। पुलिस की वजह से ही हथियार उठाने को मजबूर हुआ है। प्रदीप इतने पर भी नहीं रूका, उसने हस्तिनापुर के पूर्व इंस्पेक्टर ए के सिंह और दारोगा की हत्या की बात भी कहीं है। उसने स्पष्ट कहा कि सुनील की हत्या मैंने की है, इसके लिए यदि मेरे परिवार को परेशान किया गया तो बहसूमा, हस्तिनापुर और फलावदा थाना प्रभारी को भी मौत के घाट उतार दूंगा। हत्या के लिए हथियार गांव के रहने वाले हनी सिंह और दीप सिंह ने दिलवाए हैं। पत्नी के धोखे का बदला लेने के लिए डेढ़ साल से परेशान था। हत्या के बाद मैंने अपना वीडियो फेसबुक पर अपलोड कर दिया है।

प्रदीप ने हत्या को अंजाम देने के 10 मिनट बाद ही अपना लगभग 4 मिनट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो में खूब गालियां भी सुनाई दे रही हैं, जिसके चलते वीडियो को यहां पोस्ट नहीं किया गया है। पुलिस की पकड़ से फिलहाल प्रदीप दूर है, उसकी धरपकड़ का प्रयास किया जा रहा है।

खेत से लौटते वक्त ताबड़तोड़ बरसाई गोलियां

जानकारी के मुताबिक, 28 वर्षीय सुरेंद्र उर्फ सुनील गाबा अपने खेत से लौट रहा था, तभी बाइक सवार हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना में सुरेंद्र को कमर और कनपटी समेत चार गोली लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना रामराज के मोहल्ला जगजीवनपुरी के बाजार में दिनदहाड़े हुई। गोलीबारी के दौरान बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग भयभीत होकर इधर-उधर भागे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

डेढ़ साल पहले विवाहिता को भगाकर लाया था

मृतक सुरेंद्र करीब डेढ़ साल पहले फलावदा थाना क्षेत्र के सनौता गांव की एक विवाहिता को अपने साथ ले आया और उसके साथ कोर्ट मैरिज करना चाहता था। महिला का पूर्व पति इसमें बाधक बन गया और उसके साथ उसकी दुश्मनी बनी हुई थी।  

(रिपोर्ट- हिमा अग्रवाल)

यह भी पढ़ें-

बॉयफ्रेंड के सामने 7 लोगों ने किया गैंगरेप, जबरन ट्रांसफर कराए रुपये

VIDEO: पुलिस ने जब्त की बाइक तो डिलीवरी बॉय ने गुस्से में थाने के गेट पर खुद पर पेट्रोल डालकर लगाई आग

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।