1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बंदर ले उड़ा महिला के 42 हजार रुपये, पुलिस ने अनोखी तरकीब से वापस दिलाई पूरी रकम

बंदर ले उड़ा महिला के 42 हजार रुपये, पुलिस ने अनोखी तरकीब से वापस दिलाई पूरी रकम

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Aug 19, 2026 11:29 am IST,  Updated : Aug 19, 2026 11:29 am IST

अयोध्या में एक बंदर महिला से 42 रुपये छीनकर भाग गया। राहगीरों ने बंदर से रुपये वापस लेने की काफी कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिला। अंत में पुलिस ने अनोखी तरकीब से पैसे वापस दिलाए।

Ayodhya- India TV Hindi
बंदर ले उड़ा महिला के 42 हजार रुपये Image Source : REPORTER INPUT

अयोध्या में 18 अगस्त को एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने लोगों को हैरान कर दिया। सिविल लाइन चौकी के पास एक बंदर अचानक एक महिला के हजारों रुपये लेकर भाग गया। महिला के पास मौजूद 42105 रुपये लेकर बंदर ऐसी जगह जा बैठा कि राहगीरों की तमाम कोशिशें नाकाम हो गईं। आखिरकार पुलिस को बुलाया गया और फिर ऐसी तरकीब अपनाई गई, जिससे बिना किसी हंगामे के पूरी रकम वापस मिल गई।

बंदर ने झपटा रुपयों से भरा बैग

मामला कोतवाली नगर क्षेत्र की सिविल लाइन चौकी के पास का है। कैंट थाना क्षेत्र के भिखनपुर की रहने वाली अंजू देवी मंगलवार को किसी काम से इलाके में आई थीं। इसी दौरान अचानक एक बंदर ने उनके पास से 42105 रुपयों से भरा बैग झपट लिया और देखते ही देखते वहां से भाग निकला।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने बंदर से रुपये वापस लेने की कोशिश की। कोई उसे पकड़ने की कोशिश करता तो कोई उसे डराकर पैसे छुड़ाने का प्रयास करता, लेकिन बंदर भी रुपये छोड़ने के मूड में नहीं था। काफी कोशिशों के बाद जब लोगों के हाथ कुछ नहीं लगा तो पुलिस को सूचना दी गई।

बंदर को दिया केले का लालच

जानकारी मिलते ही उपनिरीक्षक अशोक कुमार, पंकज सिंह समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस के सामने चुनौती सिर्फ बंदर को पकड़ना नहीं, बल्कि उसके कब्जे में मौजूद रकम को सुरक्षित वापस हासिल करना भी थी। ऐसे में पुलिसकर्मियों ने जल्दबाजी करने के बजाय धैर्य से काम लेने का फैसला किया।

टीम ने बंदर को डराने या उसके पीछे भागने के बजाय उसका ध्यान भटकाने की तरकीब निकाली। पुलिसकर्मियों ने उसे केला दिया। केले को देखते ही बंदर का ध्यान रुपयों से हट गया। इसी मौके का फायदा उठाकर पुलिस ने बेहद सावधानी के साथ उसके कब्जे से रुपये बरामद कर लिए।

रकम मिलने के बाद पुलिस ने उसकी पहचान और जरूरी जांच की। इसके बाद पूरी 42105 रुपये की रकम अंजू देवी को सुरक्षित वापस सौंप दी गई। पैसे वापस मिलने पर महिला ने राहत की सांस ली। घटना के बाद पुलिस की सूझबूझ की इलाके में खूब चर्चा हो रही है। अयोध्या में दिनभर इस अनोखे घटनाक्रम की चर्चा होती रही। इससे पहले ऐसी ही एक घटना बांके बिहारी मंदिर के बाहर देखने को मिली थी।

(रिपोर्ट: अरविंद गुप्ता)

यह भी पढ़ें:

'मालखाने में रखा सोना चुरा ले गए बंदर', कोर्ट ने नहीं मानी पुलिस की दलील, दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई के आदेश

बंदरों की वजह से IndiGo फ्लाइट का टेक-ऑफ रोका गया, लखनऊ एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।