मथुरा: श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा की गलियों में बंदरों की हरकतों से हर कोई वाकिफ है। ऐसा ही एक नजारा वृंदावन में देखने को मिला। यहां ठाकुर बांके बिहारी मंदिर के गेट नंबर-1 के पास एक बंदर ने किसी श्रद्धालु का पर्स छीन लिया। इसके बाद बंदर पर्स लेकर मंदिर के गेट पर चढ़ गया। बंदर ने ऊपर चढ़कर पर्स फाड़ दिया, जिससे नोटों की बारिश होने लगी। वहीं नोट उड़ाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, यह वीडियो किस तारीख का है, इसकी अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
बंदर ने फाड़ दिया पर्स
मिली जानकारी के अनुसार मंदिर परिसर के समीप एक बंदर अचानक श्रद्धालु का पर्स झपटकर मंदिर के ऊपरी हिस्से पर चढ़ गया। वहां बंदर ने पर्स को फाड़ दिया, जिससे उसमें रखे नकदी नोट हवा में उड़कर छत और गलियों में बिखर गए। इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहां मौजूद श्रद्धालु पूरे नजारे को देखने लगे। कुछ लोगों ने घटना का वीडियो भी बना लिया, जो सोशल मीडिया पर अब तेजी से वायरल हो रहा है।
घटना का वीडियो आया सामने
हालांकि घटना के बाद मंदिर के सतर्क कर्मचारियों ने तत्परता दिखाई। मंदिर के कर्मचारी ऊपर चढ़े और एक डंडे के सहारे छत पर बिखरे नोटों को नीचे गिराया। इसके बाद कर्मचारियों ने सभी नोटों को सुरक्षित समेटा और फिर जिस श्रद्धालु के पर्स को बंदर ने छीना था, उसे सारे पैसे लौटा दिए। अपने रुपये वापस मिलने के बाद पीड़ित ने राहत की सांस ली। हालांकि घटना का वीडियो अब चर्चा में बना हुआ है।
जगन्नाथ मंदिर में भी बंदर ने छीना बैग
हाल ही में ऐसा ही एक मामला ओडिशा के पुरी स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर से भी सामने आया। यहां मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार ‘सिंहद्वार’ के पास खड़ी एक महिला श्रद्धालु का वैनिटी बैग अचानक एक बंदर ने झपट लिया और देखते ही देखते वह ‘गुमुटा’ यानी प्रवेश द्वार के ऊपर बने गुंबदनुमा ढांचे पर चढ़ गया। जानकारी के मुताबिक, महिला अपने परिवार के साथ सिंहद्वार के पास खड़ी थी। तभी एक बंदर तेजी से आया, उनका बैग छीनकर ऊपर चढ़ गया। अचानक हुई इस घटना से महिला और उनके परिजन घबरा गए। काफी मशक्कत के बाद बंदर ने बैग नीचे गिरा दिया। बैग को तुरंत नीचे से उठा लिया गया। बैग में रखा कुछ नकद भी सुरक्षित मिल गया। (इनपुट- विपिन सारास्वत)
यह भी पढ़ें-