1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. भाजपा महिला जिलाध्यक्ष का रोते हुए VIDEO वायरल, बोलीं- अभद्रता हुई, कपड़े फाड़े गए

भाजपा महिला जिलाध्यक्ष का रोते हुए VIDEO वायरल, बोलीं- अभद्रता हुई, कपड़े फाड़े गए

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Mar 31, 2024 09:30 am IST,  Updated : Mar 31, 2024 09:38 am IST

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से एक गंभीर मामला सामने आया है। मुरादाबाद भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष का आरोप है कि वो आधी रात तक थाने में बैठी रहीं, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।

मुरादाबाद भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष के आरोप पर थाने में नहीं हुई सुनवाई- India TV Hindi
मुरादाबाद भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष के आरोप पर थाने में नहीं हुई सुनवाई

उत्तर प्रदेश: मुरादाबाद भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष आदेश चौधरी का सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह रो-रोकर आपबीती बता रही हैं। उनका आरोप है कि कुछ दबंगों ने उनके साथ मारपीट की। उन्होंने कपड़े फाड़ने और अभद्रता करने का भी आरोप लगाया है। पीड़ित महिला जिलाध्यक्ष का आरोप है कि वो आधी रात तक थाने में बैठी रहीं, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उक्त महिला के खिलाफ थाना सिविल लाइंस पर धोखाधड़ी किए जाने का अभियोग पंजीकृत किया गया है। महिला की ओर से लगाए आरोपों की भी जांच की जा रही है।

कौन हैं आदेश चौधरी, क्या हुआ?

दरअसल, पीड़ा बताने वाली महिला का नाम आदेश चौधरी है। ये मुरादाबाद भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष हैं। आदेश चौधरी ने अपने फेसबुक अकाउंट से एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह आरोप लगा रही हैं कि विजयभान सिंह और उनके बेटे कपिल मलिक ने रास्ते में रोककर अपने साथियों के साथ मिलकर उनके साथ मारपीट की। घसीटते हुए ले गए और अभद्रता की। इतना ही नहीं, कपड़े फाड़कर उन्हें अपमानित भी किया। 

उन्होंने फोन कर 112 को बुलाया। 112 पुलिस, महिला को क्षेत्रीय थाने ले गई, लेकिन थाने में उनकी कोई सुनवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि रात तक वो थाने में ही बैठी रहीं। कार्रवाई नहीं होने पर उन्हें सोशल मीडिया का सहारा लेना पड़ा।

एसपी सिटी ने क्या कहा?

इस पूरे मामले को लेकर एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया का कहना है कि उक्त महिला के खिलाफ धोखाधड़ी को लेकर थाना सिविल लाइंस पर मानवेंद्र सिंह की तहरीर पर धारा 420 467 468 471 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है, जिसमें जिला सहकारी बैंक से धोखाधड़ी करके पैसा निकाला गया है। वहीं, महिला की ओर से दिए गए शिकायती पत्र में लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। (रिपोर्ट- राजीव शर्मा​)

ये भी पढ़ें- 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।