1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. टॉय राफेल पर नींबू-मिर्च लटका कर घिरे अजय राय, अब सफाई में कही ये बात

टॉय राफेल पर नींबू-मिर्च लटका कर घिरे अजय राय, अब सफाई में कही ये बात

 Edited By: Amar Deep
 Published : May 05, 2025 12:32 pm IST,  Updated : May 05, 2025 12:32 pm IST

यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय ने टॉय राफेल पर नींबू-मिर्च लगाकर नया विवाद खड़ा कर दिया। वहीं अब इस विवाद पर उन्होंने सफाई दी है। उन्होंने कहा कि वह सरकार से ये पूछना चाहते थे कि आखिर आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई कब की जाएगी?

अजय राय ने दी सफाई। - India TV Hindi
अजय राय ने दी सफाई। Image Source : ANI

वाराणसी: उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने हाल ही में एक खिलौना दिखाया था। इस खिलौने पर राफेल लिखा था, जिस पर उन्होंने नींबू-मिर्च लटकाई थी। उन्होंने इस टॉय राफेल को दिखाते हुए केंद्र सरकार पर सवाल खड़े किए थे। उन्होंने पूछा था कि केंद्र सरकार बताए कि वह पाकिस्तान पर कार्रवाई कब कर रहे हैं। हालांकि टॉय राफेल दिखाने के मामले में चारों तरफ से घिरता देख अब अजय राय ने इस पर सफाई दी है। अजय राय ने कहा है कि "मैं बस उनकी (केंद्र सरकार) आंखें खोलना चाहता था और उन्हें दिखाना चाहता था कि देश की जनता आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई चाहती है।"

क्या बोले अजय राय

यूपी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय से जब टॉय राफेल विवाद से जुड़ा सवाल पूछा गया। वहीं अपने बयान पर यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय ने कहा, "पहलगाम में हमारे लोगों को मारने वालों को जवाब देने का समय आ गया है। जब रक्षा मंत्री राफेल की डिलीवरी लेने गए तो उन्होंने राफेल पर नींबू-मिर्च लटका दी। मैं बस उनकी आंखें खोलना चाहता था और उन्हें दिखाना चाहता था कि देश की जनता आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई चाहती है। आतंकवादियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और उन्हें समर्थन देने वालों का खात्मा होना चाहिए।"

क्या है विवाद

बता दें कि कुछ दिन पहले ही अजय राय ने एक खिलौना दिखाया था, जिस पर राफेल लिखा था। उन्होंने खिलौने में नींबू-मिर्च भी लटकाई थी। वहीं इस टॉय राफेल को दिखाते हुए अजय राय ने कहा था, "देश में आतंकवादी गतिविधियां बढ़ गई हैं और इससे पूरा देश परेशान है। पहलगाम आतंकी हमले में हमारे नौजवानों की जान चली गई, लेकिन यह सरकार जो बहुत बातें करती है, कहती है कि आतंकवादियों को मिट्टी में मिला देंगे। आज आप राफेल लेकर आए हैं लेकिन उसे नींबू-मिर्च बांधकर खड़ा किया हुआ है, वे आतंकवादियों और उनके समर्थकों के खिलाफ कब कार्रवाई करेंगे?"

शिवसेना ने दिया बयान

यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के इस बयान पर शिवसेना नेता शाइना एनसी ने निशाना साधा। उन्होंने कहा, 'कांग्रेस पार्टी और अजय राय मीडिया का ध्यान खींचने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं। बालाकोट के दौरान भी उन्होंने सवाल उठाए थे। जब पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार उन्हें मुंहतोड़ जवाब देगी, तभी वे चुप हो पाएंगे। जब तक वे खिलौनों से खेलते रहेंगे, हम अपना काम करते रहेंगे।'

बीजेपी ने कांग्रेस पर साधा निशाना

इसके अलावा बीजेपी नेता सुधांशु द्विवेदी ने कहा कि सीमा के उस पार से पाकिस्तान गोलीबारी कर रही है। वहीं देश की सीमा के अंदर कांग्रेस के नेता भी बयानों की गोलोबारी कर रहे हैं। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, पूर्व मुख्यमंत्री चन्नी और अजय राय इस तरह के बयान दे रहे हैं जो पाकिस्तान के पक्ष लगते हैं। अजय राय नींबू-मिर्ची दिखाते हुए बयान देते हैं। कितने दुख की बात है कि यूपी में गंगा एक्सप्रेसवे पर राफेल विमान ने उड़ान भरी और वहीं बैठकर अजय राय इस तरह के बयान देते हैं।

यह भी पढ़ें- 

चिनाब नदी पर बने सलाल डैम के सभी गेट बंद, पूरी तरह से रोका गया पानी; देखें Video

भारत सरकार ने दिया एक और झटका, न्यूज पोर्टल बलूचिस्तान टाइम्स और बलूचिस्तान पोस्ट के X अकाउंट पर लगाई रोक

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।