1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. पीलीभीत में धार्मिक स्थल को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प, 2 की हालत गंभीर; सामने आया CCTV फुटेज

पीलीभीत में धार्मिक स्थल को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प, 2 की हालत गंभीर; सामने आया CCTV फुटेज

 Edited By: Khushbu Rawal
 Published : Feb 03, 2025 10:09 am IST,  Updated : Feb 03, 2025 10:37 am IST

पीलीभीत में एक धार्मिक स्थल को लेकर समुदाय विशेष के दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

pilibhit- India TV Hindi
हिंसा में गंभीर रूप से घायल हुए दो लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। Image Source : INDIA TV

यूपी के पीलीभीत सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शेर मोहम्मद में रविवार देर रात एक धार्मिक स्थल को लेकर समुदाय विशेष के दो पक्ष आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच हिंसक झड़प होने लगी। इस दौरान दोनों पक्षों में हुई मारपीट में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने भीड़ को खदेड़ा

हिंसा की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और पुलिस बल का प्रयोग करते हुए भीड़ को तितर बितर किया गया। देर रात हुई इस हिंसा का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है जिसमें लोग लाठी-डंडों से एक दूसरे को पीटते हुए नजर आ रहे हैं।

हिंसा की वजह क्या?

दरअसल, पीलीभीत के सदर कोतवाली क्षेत्र में पड़ने वाली अल्लाहू मियां की मजार की कमेटी को लेकर दो पक्षों में लंबे समय से विवाद चल रहा है जिसको लेकर पहले भी दोनों पक्षों में कई बार विवाद हो चुका है। पुराने विवाद के चलते एक बार फिर रविवार देर रात दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

फिलहाल सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने पुलिस बल का प्रयोग करते हुए कोई भी अप्रिय घटना होने से पहले ही स्थिति को नियंत्रण में कर लिया। साथ ही मारपीट के दौरान घायल हुए दो युवकों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है और घटनास्थल पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस तैनात कर दिया गया है। वहीं दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है जिसके आधार पर पुलिस अग्रिम कार्यवाही कर रही है।

(रिपोर्ट- कुलदीप कल्प)

यह भी पढ़ें-

गाजियाबाद में गरजा बुलडोजर, 40 फ्लैटों वाली चार मंजिला बिल्डिंग को मिट्टी में मिलाया, सामने आया VIDEO

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।