1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कानपुर: जान बचाने गए सिपाही पर ही टूट पड़े लोग, की मारपीट; CCTV में कैद हुई घटना

कानपुर: जान बचाने गए सिपाही पर ही टूट पड़े लोग, की मारपीट; CCTV में कैद हुई घटना

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Nov 22, 2025 02:42 pm IST,  Updated : Nov 22, 2025 02:58 pm IST

यूपी के कानपुर में एक शख्स की जान बचाने गए पुलिसकर्मी से मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

पुलिसकर्मी के साथ भीड़ ने की मारपीट। - India TV Hindi
पुलिसकर्मी के साथ भीड़ ने की मारपीट। Image Source : REPORTER INPUT

कानपुर: शहर के हनुमंत विहार थाना क्षेत्र स्थित दासूकुआं चौराहे पर शुक्रवार की शाम दिल दहला देने वाला मंजर देखने को मिला। यहां ड्यूटी पर तैनात एक ट्रैफिक सिपाही को इंसानियत दिखाना इतना महंगा पड़ गया कि उसकी जान पर बन आई। जानकारी के अनुसार रेलबाजार ट्रैफिक पुलिस लाइंस में तैनात सिपाही सूरज कुमार नौबस्ता इलाके के पास स्थित दासूकुआं चौराहे पर यातायात की ड्यूटी संभाल रहे थे। इसी दौरान अगरबत्ती बेचने वाला एक युवक नशे में पूरी तरह बेहोश होकर बीच सड़क पर जा गिरा। युवक को बचाने के लिए सिपाही सूरज कुमार दौड़े। इसी बीच किसी ने अफवाह फैला दी कि पुलिस वाला गरीब नशेड़ी को पीट रहा है! 

अफवाह के चलते भीड़ ने किया हमला

देखते ही देखते मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई और वहां मौजूद लोगों ने सिपाही को घेर लिया गया। इसके बाद लोगों ने सिपाही पर थप्पड़, मुक्के, लात-घूंसे और गालियों की बौछार शुरू कर दी। चौंकाने वाली बात यह थी कि जिस नशेड़ी को “बचाने” की बात हो रही थी, वह भी अचानक उठा और सिपाही पर टूट पड़ा। घटना की जानकारी मिलने के बाद मारपीट करने वाले छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान संतोष शुक्ला, स्वाती शुक्ला (संतोष शुक्ला की बेटी), अन्नपूर्णा पांडेय (संतोष शुक्ला की साली), दीप्ति पांडेय (अन्नपूर्णा पांडेय की बेटी), अशोक कुमार गुप्ता और नशे में धुत अगरबत्ती बेचने वाला युवक (अभी नाम पता नहीं चला) के रूप में हुई है। 

छह आरोपी गिरफ्तार

सिपाही सूरज कुमार ने किसी तरह जान बचाकर अन्य पुलिसकर्मियों को सूचना दी। मौके पर पहुंची हनुमंत विहार थाने की पुलिस ने तुरंत सभी छह आरोपियों को दबोच लिया। घायल सिपाही को तत्काल मेडिकल के लिए भेजा गया। सिपाही की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ BNS की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही सभी के खिलाफ शांति भंग की आशंका में चालान भी किया गया।

सीसीटीवी फुटेज आया सामने

हनुमंत विहार थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया, “पूरी घटना चौराहे पर लगे CCTV में साफ-साफ कैद हो गई है। बिना कुछ जाने-पहचाने अफवाह पर कानून अपने हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।” घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इसे देखकर हैरान हैं कि महज एक अफवाह ने कैसे एक कर्तव्यनिष्ठ पुलिसकर्मी को निशाना बना दिया। फ़िलहाल पुलिस टीम द्वारा अफवाह फैलाने वालों की भी तलाश की जा रही है। (इनपुट- अनुराग श्रीवास्तव)

यह भी पढ़ें-

विदेश में नौकरी का झांसा देकर कराते थे ऑनलाइन ठगी, दिल्ली पुलिस ने गैंग का किया भंडाफोड़

मुंबई: रैपर ट्रैविस स्कॉट के कॉन्सर्ट में चोरों की हुई चांदी, 36 लोगों को बनाया शिकार; 28 लाख का सामान किया पार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।