उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने नोडल अधिकारियों को स्कूलों का निरीक्षण करने और वहां मौजूद समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। विद्यालयों के निरीक्षण की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि सभी नोडल अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के विद्यालयों का भ्रमण करें। वहां पर आवश्यक व्यवस्थाओं एवं पठन-पाठन की स्थिति के बारे जानकारी लें, यदि किसी विद्यालय में कोई समस्या है, तो उसको यथा सम्भव ठीक कराएं और समस्या के निराकरण के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी भी दें।
डीएम ने सभी नोडल अधिकारियों से कहा कि वे बच्चों से संवाद करें तथा बच्चों को अनुशासन, मेहनत एवं निरंतर प्रयास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें। डीएम की बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, अपर जिलाधिकारीगणों के अलावा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
साफ-सफाई और व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश
मीटिंग में जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालयों में पठन-पाठन के साथ-साथ खेल-कूद प्रतियोगिता, संवाद कार्यक्रम, पेंटिंग सहित अन्य नवाचार गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाये, ताकि बच्चे पढ़ाई के साथ-साथ अपने रूचि के अनुसार आगे बढ़ते हुए जीवन में सफलता प्राप्त करें। जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा एवं जिला पंचायत राज अधिकारी को विद्यालयों में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाये रखने के निर्देश दिए है।
बच्चों को बड़े सपने देखने की सीख
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा शुक्रवार को सीएवी इंटर कॉलेज पहुंचकर कैरियर संवाद कार्यक्रम में विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। जिलाधिकारी ने बच्चों से पढ़ाई तथा भविष्य में क्या बनना चाहते हैं, के लक्ष्य के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि जीवन में हमेशा बड़ा लक्ष्य रखना चाहिए और उसी लक्ष्य के अनुरूप अनुशासन, मेहनत एवं निरंतर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी बच्चे मन लगाकर पढ़ाई करें और अपने सपने को साकार करें। बच्चों की प्रतिभा एवं रुचि को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि आप सभी में अच्छा टैलेंट है, मन लगाकर पढ़ाई करें और अपनी रुचि के अनुसार ही लक्ष्य बनाए।

रूचि के अनुसार मेहनत करें बच्चे
डीएम ने कहा कि बच्चे पढ़ाई के साथ साथ खेल, संगीत, कला सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी रूचि के अनुसार मेहनत करें और उस क्षेत्र में सफलता के सर्वोच्च शिखर को प्राप्त करें। जिलाधिकारी ने बच्चों को कैरियर से जुड़ी बारीकियों के बारे में विस्तार से अपने अनुभवों को साझा किया और बताया कि कैसे सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने कहा कि जिस भी क्षेत्र में आप जायें, उसमें सफलता की ऊचाईयों को प्राप्त करें।
निरंतर प्रयास से कुछ भी असंभव नहीं
जिलाधिकारी ने कहा कि जीवन में लक्ष्य का होना बहुत जरूरी है। लक्ष्य जितना बड़ा होगा, मेहनत उतना ही ज्यादा करनी पड़ेगी। आप सभी लोग प्रतिभाशाली है। आप सभी को अपने माता-पिता, अपने देश के लिए कुछ बड़ा करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने अपने अनुभव को बच्चों से साझा किया और कहा कि अनुशासन और निरंतर प्रयास से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है।
टाइम मैनेजमेंट के बारे में दी जानकारी
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ सन्तोष कुमार राय ने बच्चों से संवाद करते हुए जीवन में आने वाली कठिन परिस्थितियों का मुकाबला कैसे करें साथ ही समय प्रबंधन, तनाव प्रबंधन और परीक्षा के दौरान आने वाले दबाव के प्रबंधन पर बच्चों को सार्थक एवं व्यवहारिक दर्शन दिया। इस अवसर पर सह जिला विद्यालय निरीक्षक जितेन्द्र प्रताप सिंह, विद्यालय के प्रधानाचार्य के के प्रसाद, विद्यालय के समस्त शिक्षक/शिक्षकाए एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें-
प्रयागराज में UP STF की बड़ी कार्रवाई, ऑनलाइन गेमिंग ऐप से सट्टेबाजी कराने वाले गैंग का भंडाफोड़