उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एक लड़की 'शेरनी' बनकर हथियारों के साथ वीडियो डाल रही थी। हालांकि, जैसे ही पुलिस ने केस दर्ज किया तो शेरनी की पूरी अकड़ निकल गई और उसने सारे वीडियो डिलीट कर दिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और लड़की से वीडियो में दिख रहे हथियारों को लेकर पूछताछ की जाएगी। प्रयागराज शहर के एडिशनल डीसीपी अभिजीत कुमार का कहना है कि साइबर टीम इस आईडी के बारे में पता कर रही है और जल्द ही आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि आरोपी लड़की ने यदुवंशी शेरनी के नाम से आईडी बनाई थी, लेकिन पुलिस केस होने के बाद सारे वीडियो डिलीट कर लिए हैं और चुपचाप बैठ गई है।
क्या है मामला?
इंस्टाग्राम पर यदुवंशी शेरनी के नाम एक सोशल मीडिया हैंडल बनाया गया था। इस इंस्टाग्राम अकाउंट से एक रील शेयर की गई थी, जिसमें लड़की अलग-अलग हथियारों के साथ नजर आ रही है। कभी पिस्टल हाथ में लेकर लहरा रही है तो कभी कमर में लटकाकर भौकाल दिखा रही है। इस रील के बीच में लड़की यह भी कहती है कि वह प्रयागराज से है और अपना नाम यदुवंशी शेरनी 70-72 बताती है। वीडियो में लड़की यह भी दावा करती है कि उसका ग्रुप किसी भी तरह का मैटर सॉल्व कर सकता है। वह अपने ग्रुप का नाम भी 70-72 बताती है। वह कहती है कि उसका ग्रुप 70-72 दिन-रात सभी लोगों की मदद के लिए खड़ा है। इसके साथ ही लड़की कुछ लोगों को देख लेने की धमकी भी देती है।
वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई
यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कई लोगों ने प्रयागराज पुलिस को टैग कर कार्रवाई करने की मांग की थी। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। इधर रील बनाने वाली लड़की ने मामला दर्ज होने के बाद सारे वीडियो डिलीट कर लिए हैं। पुलिस ने लड़की के खिलाफ जार्ज टाउन थाने मे कई गंभीर धाराओं ने मुकदमा दर्ज कर लिया हैं। पुलिस अब लड़की से इन हथियारों के बारे मे पूछ ताछ करेगी। अगर पिस्टल का लाइसेंस घर के किसी शख्स के नाम पर है, तो तमंचा किसका था और किसने दिया इस पर भी जांच की जाएगी। एडिशनल डीसीपी सिटी अभिजीत कुमार का कहना हैं कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साइबर सेल की टीम इस आईडी के बारे मे पता कर रही है, जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।