उत्तर प्रदेश के संभल में मस्जिद कमेटी के लोगों ने खुद ही अवैध निर्माण को गिराने का काम शुरू कर दिया है। प्रशासन ने अतिक्रमण कर बनाए गए मैरिज हॉल को सुबह ही गिरा दिया था। इसके बाद मस्जिद कमेटी की तरफ से चार दिन का समय मांगा गया। प्रशासनिक अधिकारी चार दिन का समय देने के लिए राजी हो गए। इसके बाद मस्जिद कमेटी के लोगों ने खुद ही इसे गिराने का काम शुरू कर दिया है।
दशहरे के दिन प्रशासन की सख्ती के बाद हालात बदलते दिख रहे हैं। सुबह जहां प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर मैरिज हॉल को ध्वस्त किया, वहीं दोपहर तक मस्जिद कमेटी के लोग खुद ही आगे आ गए।
टकराव से बचने की पहल
कमेटी सदस्यों ने बताया कि मस्जिद परिसर में जो अवैध निर्माण था, उसे वे अपनी मर्जी से हटा रहे हैं। उनका कहना है, “हमने यह कदम जिलाधिकारी साहब से पूछकर ही उठाया है। किसी तरह का टकराव न हो, इसलिए हम प्रशासन के साथ सहयोग कर रहे हैं।” प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि अवैध निर्माण हटाने में आम लोगों का सहयोग स्वागत योग्य कदम है। फिलहाल इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी बनी हुई है और ड्रोन से निगरानी जारी है।
सरकारी तालाब की जमीन पर हुआ था अवैध निर्माण
संभल के राया बुजुर्ग गांव में सरकारी तालाब की जमीन पर अवैध तरीके से निर्माण किया गया था। तालाब की भूमि पर अवैध तरीके से कब्जा कर मस्जिद और एक मैरिज हॉल बनाया गया था। इसे ध्वस्त करने की कार्रवाई का ऑर्डर प्रशासन की तरफ से जारी किया गया था। दशहरे के दिन सुबह प्रशासन ने अवैध निर्माण को तोड़ना शुरू किया। पहले मैरिज हॉल को गिराया गया। इसके बाद मस्जिद कमेटी के लोगों ने चार दिन की अनुमति ली और अब खुद ही अवैध निर्माण को तोड़ना शुरू कर दिया है।
पुलिस बल तैनात
अवैध निर्माण पर बुलडोजर कार्रवाई से पहले इलाके में भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात किया गया। कार्रवाई के दौरान पैरामिलिट्री फोर्स और पुलिस की कई कंपनियां मौके पर मौजूद रहीं। ड्रोन से पूरे इलाके की निगरानी की गई और पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।
यह भी पढ़ें-
VIDEO: संभल में रावण दहन के दिन अवैध निर्माण पर चल रहा बुलडोजर, बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात
बरेली हिंसा के दौरान लगे 'सिर तन से जुदा' के नारे, तौकीर ने कहा था- चाहे पुलिस वालों की हत्या...