नेपाल में लापता चल रही उत्तर प्रदेश के कानपुर की रागिनी मिश्रा, उनके पति पंकज मिश्रा और पूनम मिश्रा की तलाश को लेकर सोमवार को रागिनी के भाई प्रवीण द्विवेदी कानपुर के जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह से मिलने पहुंचे। उन्होंने तीनों की जल्द लोकेशन ट्रेस कर सकुशल वापसी के लिए प्रशासन से मदद की मांग की।
प्रवीण द्विवेदी के मुताबिक, रागिनी मिश्रा, उनके पति पंकज मिश्रा और पूनम मिश्रा मूल रूप से कानपुर के श्याम नगर के रहने वाले हैं। वर्तमान में तीनों अमेरिका (US) में रहते हैं। कुछ समय पहले वे नेपाल घूमने के लिए गए थे।
नेपाल में त्रासदी के बाद टूटा था संपर्क
परिवार के अनुसार, नेपाल में बीते बुधवार को हुई त्रासदी के बाद से तीनों से संपर्क नहीं हो पा रहा है। बुधवार से पहले परिवार की उनसे आखिरी बार बात हुई थी। इसके बाद से तीनों के मोबाइल फोन बंद आ रहे हैं और उनकी कोई जानकारी नहीं मिल सकी है, परिजनों ने तीनों की जानकारी जुटाने के लिए नेपाल एम्बेसी से भी संपर्क किया, लेकिन अभी तक कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है। लगातार संपर्क नहीं होने से परिवार की चिंता बढ़ती जा रही है।
DM से मिले रागिनी के भाई
इसी मामले को लेकर सोमवार को प्रवीण द्विवेदी जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह से मिलने पहुंचे। उन्होंने प्रशासन से नेपाल में मौजूद संबंधित एजेंसियों और भारतीय अधिकारियों के माध्यम से तीनों की तलाश कराने की मांग की। परिवार की मांग है कि जल्द से जल्द रागिनी मिश्रा, पंकज मिश्रा और पूनम मिश्रा की लोकेशन ट्रेस की जाए और उन्हें सकुशल वापस लाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाए।
नेपाल त्रासदी में मौत का आंकड़ा 900 के पार निकला
इस बीच खबर ये भी है कि नेपाल में बाढ़ से मरने वालों की संख्या 903 हो चुकी है और 4,247 लोग अब भी लापता हैं। चीनी मीडिया की खबरों के अनुसार, इस आपदा में चीन की ओर भी 16 लोगों की मौत हुई है, जबकि तिब्बत में करीब 550 लोग अब भी लापता हैं। अधिकारियों ने बताया कि रविवार शाम तक बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से करीब 9,500 लोगों को बचाया जा चुका था। इनमें स्थानीय लोगों के साथ भारत, अमेरिका, चीन, रूस, ब्रिटेन, स्पेन, बेल्जियम, जर्मनी, इटली, माल्टा, तुर्किये, स्विट्जरलैंड और पुर्तगाल समेत कई देशों के पर्यटक भी शामिल हैं।
कानपुर से अनुराग श्रीवास्तव की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें
कुशीनगर में 50 हजार का इनामी बदमाश आशु यादव पुलिस मुठभेड़ में घायल, सरकारी पिस्टल और कारतूस बरामद