यूपी के बागपत जिले के बड़ौत इलाके में पड़ोसी युवक से शादी की जिद करने पर एक युवती की उसके माता-पिता ने गला घोंटकर हत्या कर दी और आधी रात को शव को यमुना नदी किनारे ले जाकर जला दिया। अस्थियों को भी नदी में बहा दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने झूठी शान के नाम पर हत्या का जुर्म कुबूल कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
बड़ौत थाना क्षेत्र के लुहारी गांव में 22 वर्षीय शिवानी नामक युवती की उसके माता-पिता ने गला घोंट कर हत्या कर दी। शिवानी और उसके पड़ोसी अंकित के बीच पिछले करीब 5 साल से प्रेम संबंध थे। परिजनों को जब दोनों के रिश्ते की जानकारी हुई, तो उन्होंने लड़की को घर में बंद कर दिया था। बावजूद इसके युवती अपने फैसले पर कायम रही और विवाह की जिद करती रही।
लाश कंधे पर लादकर यमुना किनारे ले गया भाई
मंगलवार रात परिजनों ने युवती की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद पिता और भाई शव कंधे पर लादकर तीन किमी दूर यमुना किनारे ले गए। वहां शव को जला दिया। फिर अस्थियां और राख को यमुना में बहा दिया। बुधवार सुबह जब अंकित ने शिवानी का मोबाइल फोन लगातार बंद पाया तो उसे संदेह हुआ और उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बताया कि पुलिस की टीम ने गांव पहुंचकर जांच की, जहां घटना की पुष्टि हुई। बड़ौत कोतवाली के निरीक्षक मनोज कुमार चहल ने बताया कि अंकित ने अपनी प्रेमिका शिवानी की माता बबीता, पिता संजीव, बड़े भाई रवि और फुफेरी बहन के खिलाफ शिकायत दी है।
गांव-समाज में बदनामी होती, इसलिए मार डाला- पिता
पुलिस बबीता और संजीव को कोतवाली लेकर आई जहां पर दोनों ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी उनकी इज्जत को खराब कर रही थी, इसीलिए उसे उन्होंने मार डाला। हत्यारोपी पिता संजीव ने बताया, मेरी बेटी शिवानी जिससे शादी करना चाहती थी, वह दूसरी जाति का है और उसका घर भी हमारे पड़ोस में है। शिवानी को कई बार समझाया, मगर वह नहीं मान रही थी। पड़ोस में बेटी की शादी करते तो गांव-समाज में बदनामी हो जाती, इसलिए शिवानी को मार डाला।
पुलिस ने बबीता, संजीव, रवि व शिवानी की फुफेरी बहन के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करते हुए बबीता और संजीव को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य दो आरोपितों की तलाश की जा रही है। (भाषा इनपुट्स के साथ)
यह भी पढ़ें-
शादी करने के लिए गर्लफ्रेंड को लेकर बेंगलुरु से गोवा पहुंचा युवक, गला रेतकर मार डाला