सीतापुर: यूपी के सीतापुर की रेउसा थाना पुलिस ने हसीन हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। खुलासे में चौंकाने वाली बात सामने आई है। हसीन हत्याकांड की पटकथा किसी और ने नहीं बल्कि उसकी भाभी रेशमा ने लिखी थी। हत्याकांड को हसीन के चचेरे भाई ने अंजाम दिया, जिसमें चचेरे भाई रोज अली ने प्रेम में बाधा बन रहे अपने चचेरे भाई हसीन पर चाकू से एक नहीं दो नहीं बल्कि ताबड़तोड़ 10 वार करते हुए उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने बरामद किया हत्या में इस्तेमाल चाकू
बता दें कि हसीन हत्याकांड के खुलासे को लेकर थाना पुलिस के साथ एसओजी टीम को लगाया गया था। पुलिस ने भाभी और देवर को गिरफ्तार करते हुए कत्ल में इस्तेमाल चाकू और खून से सने कपड़े बरामद किए हैं। पुलिस ने गिरफ्तार देवर और भाभी को जेल भेजने की कार्रवाई की है।
सो रहे हसीन पर चाकू से किए ताबड़तोड़ वार
जान लें कि कि रेउसा थाना क्षेत्र में 31 मार्च की रात घर के अंदर सो रहे हसीन की अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला करके हत्या कर दी थी। पोस्टमार्टम में हसीन के शरीर पर धारदार हथियार के 10 निशान पाए गए थे। हत्या को लेकर मृतक हसीन के पिता में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। हसीन हत्याकांड पुलिस के लिए चुनौती था। इसे लेकर एसपी ने थाना पुलिस के साथ एसओजी टीम को खुलासे के लिए लगाया था।
5 साल पुराना है भाभी-देवर का अफेयर
जांच के दौरान पुलिस ने जब परिवार के सभी सदस्यों कुंडली खंगाली तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। पुलिस ने हसीन की भाभी रेशमा और चचेरे भाई रोज अली को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने अहम राज पुलिस को बताए। पुलिस ने खुलासा करते हुए बताया कि रेशमा का पति सऊदी अरब में काम करता है, जबकि मृतक हसीन और रोज अली दोनों मुंबई में काम करते थे। पुलिस ने बताया कि रोज अली और रेशमा के बीच पिछले 5 सालों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस बात की जानकारी हसीन को थी, जिसका हसीन लगातार विरोध करता चला आ रहा था।
इस डर से हसीन को उतारा मौत के घाट
पुलिस के मुताबिक, हसीन ईद पर घर आया था। इस दौरान, उसने फिर से भाभी रेशमा और रोज अली के संबंधों को लेकर विरोध किया था। बात बढ़ने पर भाभी रेशमा और उसके प्रेमी चचेरे देवर रोजअली को डर था कि हसीन कहीं घर वालो को उनके संबंध के बारे में ना बता दे।
भाभी-देवर ने पुलिस ने सामने कबूला जुर्म
भाभी रेशमा ने हसीन की हत्या की पूरी पटकथा लिखी। बीते 31 मार्च की रात जब हसीन कमरे में सो रहा था, तभी रोज अली ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला करते हुए उसकी हत्या कर दी। अपना जुर्म कुबूल करने के बाद पुलिस ने आरोपी रोज अली की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त किए गए चाकू सहित खून से सने कपड़ों को बरामद किया।
बिसवां के सीओ अमन सिंह ने बताया कि हसीन हत्याकांड के आरोपी रेशमा और रोज अली को गिरफ्तार कर लिया गया है। रेशमा, मृतक की सगी भाभी है। जबकि आरोपी रोज अली मृतक का चचेरा भाई है। इन्होंने प्रेम प्रसंग के चलते मर्डर केस को अंजाम दिया है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
(इनपुट- मोहित मिश्रा)
ये भी पढ़ें- लव मैरिज का खौफनाक अंत, पत्नी ने गला दबाकर ली पति की जान, 11 साल पहले धर्म की दीवार तोड़कर की थी शादी!