1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. सीतापुर मानसी हत्याकांड: शव की हालत देख भड़के परिजन, आरोपी को फांसी देने की मांग

सीतापुर मानसी हत्याकांड: शव की हालत देख भड़के परिजन, आरोपी को फांसी देने की मांग

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Jun 07, 2026 01:19 pm IST,  Updated : Jun 07, 2026 01:19 pm IST

छात्रा के परिजनों ने आरोपी को फांसी देने और उसके घर पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, अंतिम संस्कार के दौरान पूरे समय इलाके में पुलिसकर्मी तैनात रहे।

Sitapur- India TV Hindi
आरोपी शिवम (बाएं), मानसी (दाएं) Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के सीतापुर में जब मानसी के शव के अवशेष गांव पहुंचे तो परिजन आक्रोशित हो गए। परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई, फांसी की सजा और बुल्डोजर कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा किया। माहौल को देखते हुए एएसपी दुर्गेश सिंह, सीओ महोली सहित पांच थानों की पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। हालांकि, घटना के बाद से कस्बे में पुलिस बल पहले से ही तैनात था। एएसपी दुर्गेश सिंह ने किसी तरह से मामले को शांत कराते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया इसके बाद लोगों का आक्रोश शांत हुआ।

लखनऊ के बक्सी का तालाब क्षेत्र में सीतापुर की बीएससी छात्रा मानसी का शव मिला था। पोस्टमार्टम के बाद छात्रा के अवशेष गांव पहुंचे। इस दौरान पुलिस ड्रोन से निगरानी करती रही। रविवार को पुलिस की मौजूदगी में छात्रा मानसी के अवशेषों का अंतिम संस्कार किया गया।

बोरे में भरकर लाए अवशेष

पोस्टमार्टम के बाद मानसी के अवशेष एक बोरे में भरकर घर लाए गए। किसी प्रकार की कोई हिंसक घटना न हो इसके लिए भारी पुलिस बल भी तैनात था। परिजनों ने कहा कि उनकी बेटी की बेरहमी से हत्या की गई है, इसलिए आरोपी को जल्द से जल्द फांसी की सजा दी जानी चाहिए। उन्होंने आरोपी के मकान पर बुल्डोजर चलाने की भी मांग की। पीड़ित परिवार ने सरकार से आर्थिक सहायता की मांग भी उठाई। परिजनों का कहना है कि उन्होंने बेटी को उच्च शिक्षा दिलाकर उसका भविष्य संवारने का सपना देखा था, लेकिन इस दर्दनाक घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

गांव में पुलिस बल तैनात

ग्रामीणों ने भी परिवार की मांगों का समर्थन करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। गांव में देर रात तक गम और आक्रोश का माहौल बना रहा। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया और भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है। उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है। गांव में एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात है और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

प्रेमी ने की थी मानसी की हत्या

मानसी की हत्या प्रेमी शिवम ने की थी। वह मिलने के बहाने उसे जंगल ले गया था और यहीं विवाद होने पर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी थी। मानसी तीन माह की गर्भवती थी और शिवम पर शादी का दबाव बना रही थी। शिवम ने हत्या के बाद मानसी का शव जंगल में ही छोड़ दिया था और भाग गया था। पुलिस उसके पास पहुंची तो शव के बारे में जानकारी दी। इसके बाद शिवम को साथ ले जाकर शव बरामद किया गया। शव का बड़ा हिस्सा जंगली जानवर खा गए थे। मानसी घर से प्रैक्टिकल देने गई थी और सात दिन बाद उसका शव लखनऊ के बक्सी का तालाब क्षेत्र में मिला था।

(सीतापुर से मोहित मिश्र की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

प्रेमी बना हैवान! युवती को प्रेग्नेंट किया, शादी की जिद की तो मार कर फेंका; जानवर खा गए लाश

लखनऊ में लव जिहाद, जुबैर ने करन बनकर युवती से शारीरिक संबंध बनाए, इस्लाम कबूल करने पर 12 लाख रुपए का लालच दिया गया

 

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।