1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. सोनभद्र में ये हो क्या रहा? 15 दिन में 3 प्रेमी जोड़ों ने की आत्महत्या, सबकी उम्र और फांसी लगाने का तरीका एक जैसा

सोनभद्र में ये हो क्या रहा? 15 दिन में 3 प्रेमी जोड़ों ने की आत्महत्या, सबकी उम्र और फांसी लगाने का तरीका एक जैसा

 Edited By: Shakti Singh
 Published : May 17, 2025 09:11 pm IST,  Updated : May 17, 2025 09:11 pm IST

तीनों प्रेमी जोड़ों में प्रेमी-प्रेमिका की उम्र 20 साल के आसपास थी। तीनों मामलों में उनके परिवार ने शादी से इंकार कर दिया था। इसके बाद तीनों मामलों में प्रेमी जोड़े एक साथ पेड़ से लटके हुए मिले। लड़के ने हमछे से फांसी लगाई थी। वहीं, लड़की का फंदा दुपट्टे से बना था।

Sonbhadra- India TV Hindi
सोनभद्र में आत्महत्या के कई मामले आए हैं Image Source : INDIA TV

उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में एक और प्रेमी जोड़े ने एक साथ फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। 15 दिन के अंदर यह तीसरी घटना है, जब सोनभद्र में किसी प्रेमी जोड़े ने फांसी लगाई है। इससे पहले भी दो मामलों में प्रेमी जोड़े एक ही पेड़ की डाल से लटके हुए मिले थे। ताजा मामला पिपरी थाना क्षेत्र के पाटी ग्राम पंचायत का है। यहां 22 साल के राजकुमार खरवार और 20 साल की मनीषा खरवार ने एक साथ फांसी के फंदे में लटककर मौत को गले लगा लिया।

राजकुमार और मनीषा एक दूसरे से प्रेम करते थे। इन दोनों के रिश्ते को लेकर एक महीने पहले गांव में पंचायत बुलाई गई थी। पंचायत में दोनों को अलग-अलग रहने का आदेश दिया गया था। दोनों ने पंचायत में अलग रहने की बात मानी थी, लेकिन शनिवार सुबह दोनों घर से निकले और पास के जंगल में चले गए।

पुलिस का बयान

पिपरी थाने के प्रभारी निरीक्षक नागेश सिंह ने बताया कि मृत्यु से पहले दोनों ने शादी की रस्में पूरी कीं। मनीषा की मांग में सिंदूर था। इसके बाद दोनों ने गमछा और दुपट्टे को एक साथ बांधा और एक ही पेड़ पर फांसी लगा ली। दोपहर करीब 10 बजे लकड़ी लेने गए ग्रामीणों ने दोनों के शव पेड़ पर लटके देखे। उन्होंने परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने पुलिस को खबर की। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। 

परिजनों के समझाने पर भी नहीं माने

लड़की के परिजनों ने बताया कि मनीषा की शादी तय हो चुकी थी। वहीं राजकुमार के पिता ने कहा कि वे रोज बेटे को समझाते थे। उन्होंने बेटे से कहा था कि मनीषा की शादी तय हो गई है, तुम्हारी भी शादी कर देंगे। लेकिन दोनों एक दूसरे से दूर नहीं हो सके। 

अशोक और सीता ने भी लगाई फांसी

13 मई को सोनभद्र के डाला चोपन थाना क्षेत्र के गड़वानी में एक साथ एक ही पेड़ पर युवक-युवती के शव लटके हुए मिले थे। दोनों शव तेंदू के पेड़ पर गमछा और दुपट्टा के सहारे लटके हुए थे। आत्महत्या करने वाले युवक की पहचान 19 वर्षीय अशोक खरवार पुत्र स्वर्गीय सत्यनारायण खरवार के रूप में हुई। वहीं, युवती की पहचान 18 वर्षी सीता कुमारी पुत्री राम सागर खरवार के रूप में हुई। दोनों गड़वानी के रहने वाले थे। चोपन थाना प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार चौरसिया ने बताया कि प्रथम दृष्टया प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है। 

8 मई को भी मिले थे शव

सोनभद्र में आठ मई को भी ऐसी ही घटना सामने आई थी। यहां मुरैला गांव के रहने वाले प्रेमी जोड़े ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। लड़के की पहचान 17 वर्षीय दशरथ के रूप में हुई थी, जबकि लड़की की पहचान 15 वर्षीय चिंता के रूप में हुई थी। दोनों आपस में प्रेम करते थे और शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवार से शादी की अनुमति नहीं मिलने पर मौत को गले लगा लिया।

(सोनभद्र से परमेश्वर दयाल की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।