1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. दिवाली-छठ के मौके पर योगी सरकार ने दिया बड़ा तोहफा, यात्रा के लिए चलाई जाएंगी अतिरिक्त बसें, ड्राइवरों की भी होगी मौज

दिवाली-छठ के मौके पर योगी सरकार ने दिया बड़ा तोहफा, यात्रा के लिए चलाई जाएंगी अतिरिक्त बसें, ड्राइवरों की भी होगी मौज

 Edited By: Rituraj Tripathi
 Published : Oct 14, 2025 09:18 pm IST,  Updated : Oct 14, 2025 09:28 pm IST

दिवाली और छठ के त्यौहार को लेकर यूपी सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। यूपी सरकार ने त्यौहार के मौके पर अतिरिक्त बसें चलाने की बात कही है। इस दौरान ड्राइवरों को प्रोत्साहन भुगतान भी दिया जाएगा।

cm yogi- India TV Hindi
सीएम योगी Image Source : PTI/FILE

लखनऊ: दिवाली और छठ के त्यौहार नजदीक हैं। ऐसे में योगी आदित्यनाथ की सरकार ने यूपी की जनता को बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया है, "योगी सरकार दिवाली और छठ त्योहारों के दौरान सभी के लिए सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त बसें चलाएगी। सरकार ने ड्राइवरों के लिए प्रोत्साहन भुगतान की भी घोषणा की है और त्योहारों के मौसम में सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए कड़ी निगरानी की है।"

मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया, "18 अक्टूबर से 30 अक्टूबर तक प्रोत्साहन अवधि घोषित की गई है; अधिकतम बस संचालन और यात्री सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं। दिल्ली से पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रमुख स्थलों, जिनमें लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी, अयोध्या और कानपुर शामिल हैं, के लिए अतिरिक्त बसें चलेंगी। गाजियाबाद, मेरठ, मुरादाबाद, बरेली, सहारनपुर, आगरा, अलीगढ़ और इटावा के लिए बसों की आवृत्ति बढ़ाई जाएगी। छठ त्योहार के दौरान पूर्वी यूपी के लाखों लोगों के लिए आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।"

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह का सामने आया बयान

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा, "त्यौहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को नियंत्रित करने के लिए दिल्ली से पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रमुख मार्गों जैसे कि लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी, अयोध्या और कानपुर के रास्तों पर अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि गाजियाबाद, मेरठ, मुरादाबाद, बरेली, सहारनपुर, आगरा, अलीगढ़ और इटावा को जोड़ने वाले मार्गों पर भी बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी।"

सिंह ने कहा, "छठ के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश के लाखों लोगों के लिए बिना किसी परेशानी के घर वापसी सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रोत्साहन अवधि के दौरान सभी सरकारी बसें शत-प्रतिशत सड़क पर रहें और किसी भी परिस्थिति में अनुपयुक्त वाहनों का संचालन न किया जाए।"

मंत्री ने कहा, "त्यौहारों के दौरान काम करने वाले बस चालकों, परिचालकों और कर्मचारियों के लिए वित्तीय प्रोत्साहन की घोषणा की गई है। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) के प्रबंध निदेशक प्रभु नारायण सिंह ने बताया कि प्रतिदिन औसतन 300 किलोमीटर की दूरी तय करके 12 दिन की ड्यूटी पूरी करने वाले चालकों और परिचालकों को 400 रुपये प्रतिदिन की दर से 4,800 रुपये मिलेंगे।"

सिंह ने कहा, "मानकों को पूरा करते हुए लगातार 13 दिन पूरी करने वालों को 450 रुपये प्रतिदिन की दर से 5,850 रुपये मिलेंगे। सिंह ने बताया कि बस संचालन के किलोमीटर सम्बन्धी लक्ष्य से अधिक दूरी तय करने वाले संविदा कर्मचारियों को प्रति किलोमीटर 55 पैसे अतिरिक्त मिलेंगे। कार्यशाला कर्मचारियों को 13 दिनों की ड्यूटी के लिए 2,500 रुपये और 12 दिनों के लिए 2,100 रुपये मिलेंगे। क्षेत्रीय प्रबंधकों, सेवा प्रबंधकों और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अतिरिक्त प्रोत्साहन मिलेगा।" (इनपुट: भाषा से भी)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।