यूपी के कन्नौज में बेखौफ चोरों ने एक साथ पांच घरों में लाखों की चोरी को अंजाम दिया। शातिर चोरों के गिरोह ने पहले घर में सो रहे सदस्यों को कमरों की कुंडी बाहर से लगाकर बंद किया, फिर इत्मीनान से चोरी को अंजाम दे फरार हो गए। जब सुबह घर में सोने वालों ने बाहर से कुंडी बंद पाई तो दूसरे सदस्यों को बुलाकर कमरे खुलवाये। कमरे खुलने के बाद अलमारियां और बक्से टूटे देख चोरी की जानकारी हुई। करीब 50 लाख की इस चोरी की जानकारी मिलते ही डॉग स्कवायड और फॉरेन्सिक टीम ने मौके पर पहुंच जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
कन्नौज के गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत भुर्जानी गांव में देर रात चोरों ने बारात निकाली। चोर यहां के संजीव, सतेंद्र, उपेंद्र और ब्रजकिशोर सहित अवधेश के घर में घुसकर करीब 50 लाख कीमत के जेवर और नगदी उड़ा ले गये। बेखौफ चोरों ने इस बार बंद घरों को निशाना न बनाकर ऐसे घरों को निशाना बनाया जहां रहने वाले उसमें मौजूद थे और गहरी नींद सो रहे थे। अवधेश बाहर रहकर नौकरी करता है। घर में उसकी पत्नी संजू देवी अकेली थीं, संजू के भी लाखों कीमत के जेवर चोरी हुए हैं। सभी घरों से करीब 50 लाख के जेवर और कैश चोरी होने की बात सामने आई है।

सीओ क्या बोले?
50 लाख की चोरी की जानकारी मिलते ही सीओ सदर अभिषेक प्रताप अजेय डॉग स्क्वायड और फॉरेन्सिक टीम के साथ भुर्जानी गांव पहुंच गए। सीओ का कहना है की पुलिस ने पड़ताल शुरू कर दी है, सभी घरों से साक्ष्य जुटाये जा रहे हैं। सीसीटीवी कैमरों की मदद भी ली जा रही है।
अखिलेश ने योगी सरकार को घेरा
सीओ जल्द ही चोरी का पर्दाफाश करने की बात कर रहे हैं तो वहीं दूसरी तरफ पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने पांच घरों में एक साथ हुई चोरी को लेकर योगी सरकार को घेरा है। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा है, ''भाजपा राज में चौपट कानून-व्यवस्था का एक और समाचार: कन्नौज के ग्राम भुरजानी पोस्ट जसोदा में चोरों द्वारा 5 घरों में घुसकर लाखों रुपए की नगदी व जेवरात की चोरी। इन चोरियों का राज़ भी बँटवारे की लड़ाई से खुलेगा, पुलिस की कार्रवाई से नहीं। भाजपा जाए, तो क़ानून-व्यवस्था आए!''
(रिपोर्ट- सुरजीत कुशवाहा)
यह भी पढ़ें-
चोरी के आरोप में पकड़े गए 26 वर्षीय युवक ने लॉकअप में लगाई फांसी, जांच में जुटी मुंबई क्राइम ब्रांच
मोबाइल चोरी होने को लेकर हुआ विवाद, दोस्त ने 5वीं मंजिल से दिया धक्का; युवक की हुई मौत