1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. पूर्व भाजपा विधायक के घर में की चोरी, एनकाउंटर के बाद दोनों बदमाशों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

पूर्व भाजपा विधायक के घर में की चोरी, एनकाउंटर के बाद दोनों बदमाशों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

 Edited By: Avinash Rai @RaisahabUp61
 Published : Jul 31, 2025 11:53 am IST,  Updated : Jul 31, 2025 11:53 am IST

नोएडा पुलिस ने पूर्व भाजपा विधायक के घर चोरी करने वाले दो बदमाशों को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है। चोरों के पास से अवैध तमंचा भी बरामद किया गया है।

Theft in former BJP MLA house noida police arrested both the criminals after encounter- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : PTI

नोएडा की सेक्टर-49 पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व विधायक के घर में चोरी करने वाले दो बदमाशों को बुधवार रात को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली एक बदमाश के पैर में लगी है। पुलिस उपायुक्त (प्रथम जोन) यमुना प्रसाद ने बताया कि थाना सेक्टर-49 पुलिस सेक्टर-76 मेट्रो स्टेशन के नीचे अवरोधक लगाकर वाहनों की तलाशी ले रही थी, तभी एक मोटरसाइकिल पर दो लोग आते हुए दिखाई दिए। संदिग्ध होने पर पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया लेकिन वह रुकने की बजाए वहां से तेजी से भागने लगे। 

बदमाशों को एनकाउंटर के बाद पुलिस ने किया गिरफ्तार

उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ने संदिग्धों का पीछा किया तो उनकी मोटरसाइकिल सेक्टर-50 के पास फिसलकर गिर गई। जिस पर बदमाशों ने खुद को घिरता हुआ देख पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई। प्रसाद ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा आत्म रक्षा में चलायी गयी गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया। घायल बदमाश की पहचान बुलंदशहर निवासी गौरव (26) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि उसके दूसरे साथी को तलाश अभियान के दौरान पुलिस ने पकड़ लिया है। उसकी पहचान बुलंदशहर निवासी सौरव (20) के रूप में हुई है। 

बदमाशों के पास से मिला अवैध तमंचा

पुलिस ने दोनों के पास से अवैध तमंचा, कारतूस, 6,500 रूपए नगद, सेक्टर- 51 में रहने वाले भाजपा के पूर्व विधायक के घर से चोरी की हुई पानी की टोटिया आदि बरामद की है। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि इन बदमाशों ने 28 जुलाई की रात को भाजपा के कानपुर से पूर्व विधायक के घर से नगदी, पानी की टोटिया, मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान चोरी किया था।

(इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।