1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. रामपुर में दिल दहला देने वाला मामला, किन्नरों ने काट डाला युवक का प्राइवेट पार्ट, नशीला ड्रिंक पिलाकर घटना को दिया अंजाम

रामपुर में दिल दहला देने वाला मामला, किन्नरों ने काट डाला युवक का प्राइवेट पार्ट, नशीला ड्रिंक पिलाकर घटना को दिया अंजाम

 Edited By: Amar Deep
 Published : Jul 01, 2025 04:26 pm IST,  Updated : Jul 01, 2025 04:34 pm IST

यूपी के रामपुर में किन्नरों ने एक युवक का प्राइवेट पार्ट काट दिया। उन्होंने युवक को कोल्ड ड्रिंक में नशा देकर बेहोश किया और फिर इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

पीड़ित को अस्पताल में कराया गया भर्ती।- India TV Hindi
पीड़ित को अस्पताल में कराया गया भर्ती। Image Source : INDIA TV

रामपुर: जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक जागरण पार्टी में डांस करने वाले शादीशुदा युवक का प्राइवेट पार्ट किन्नरों ने काट दिया। पीड़ित युवक का आरोप है कि उसे कोल्ड ड्रिंक में नशा देकर बेहोश किया गया और फिर उसके साथ यह खौफनाक हरकत की गई। फिलहाल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार किया जा रहा है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। 

कोल्ड ड्रिंक में मिलाया नशीला पदार्थ

पूरा मामला रामपुर जिले के शाहबाद थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। यहां पीड़ित युवक रामपुर के पटवाई क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला है। युवक पेशे से डांसर है और जागरण पार्टियों में काम करता है। युवक के अनुसार, शाहबाद इलाके के किन्नरों ने उसे किसी काम के बहाने बुलाया था। इसके बाद उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। उसने बताया कि जब उसे होश आया, तो उसने देखा कि उसका प्राइवेट पार्ट काटा जा चुका था। इसके बाद घर में कोई नहीं था, तो वह किसी तरह से वहां से बचकर भाग निकला। युवक ने पूरी घटना की जानकारी परिजनों को दी। 

पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया

वहीं परिजनों को जैसे ही घटना की जानकारी मिली, उनके होश उड़ गए। इसके बाद परिजन उसे गंभीर हालत में लेकर सीएचसी पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद युवक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक युवक की स्थिति गंभीर बनी हुई है। वहीं इस घटना के बाद युवक की पत्नी और भाई में गहरा आक्रोश है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इसके अलावा शाहबाद थाना पुलिस ने इस मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उसने पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधीक्षक अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जो भी दोषी होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा। (इनपुट- आमिर)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।