1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. विदेशियों को देखकर ग्रामीणों में मचा हड़कंप, बुला ली पुलिस; फिर हुआ मामले का खुलासा

विदेशियों को देखकर ग्रामीणों में मचा हड़कंप, बुला ली पुलिस; फिर हुआ मामले का खुलासा

 Edited By: Amar Deep
 Published : Jan 25, 2025 06:48 am IST,  Updated : Jan 25, 2025 06:48 am IST

यूपी के बरेली जिले में दो विदेशी पर्यटकों को देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। जब उन्हें विदेशी सैलानियों की भाषा भी समझ में नहीं आई तो ग्रामीणों ने पुलिस को बुला लिया। मौके पर जब पुलिस पहुंची तो मामले का खुलासा हुआ कि ये दोनों फ्रांसीसी पर्यटक साइकिल से नेपाल जा रहे थे।

विदेशी पर्यटकों को देखकर ग्रामीणों ने बुला ली पुलिस।- India TV Hindi
विदेशी पर्यटकों को देखकर ग्रामीणों ने बुला ली पुलिस। Image Source : BAREILLYPOLICE (X)

बरेली: जिले में एक बार फिर गूगल मैप की गड़बड़ी से राहगीरों को आफत का सामना करना पड़ा। दरअसल, दो विदेशी पर्यटक गूगल मैप के सहारे नेपाल जा रहे थे, लेकिन वह रास्ता भटक गए। मिली जानकारी के मुताबिक ये दोनों पर्यटक दिल्ली से साइकिल के जरिए नेपाल की राजधानी काठमांडू जा रहे थे। इस बीच ये दोनों फ्रांसीसी पर्यटक रास्ता भटक गए और यहां चुरैली बांध के पास पहुंच गए। पुलिस ने शुक्रवार को इस घटना के बारे में जानकारी दी। वहीं रात में जब ग्रामीणों ने उन्हें साइकिल से घूमते देखा तो दोनों को चुरैली पुलिस चौकी पहुंचा दिया। 

दिल्ली से जा रहे थे नेपाल

इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने दोनों को रात में ग्राम प्रधान के यहां ठहरा दिया और शुक्रवार को उन्हें नेपाल का सही रास्ता बताकर रवाना किया। इस मामले में जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी (सीओ) बहेड़ी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि फ्रांस के नागरिक ब्रायन जैक्स गिलबर्ट और सेबेस्टीयन फ्रैंकॉइस ग्रेबियल बीती सात जनवरी को फ्रांस से दिल्ली आए थे। उनके मुताबिक, “उन्हें पीलीभीत से टनकपुर के रास्ते नेपाल में काठमांडू जाना था। गूगल मैप ने उन्हें शार्टकट रास्ता बरेली के बहेड़ी का दिखा दिया, जिससे दोनों विदेशी भटककर बरेली के चुरैली डैम पहुंच गए।” 

उनकी भाषा नहीं समझ सके ग्रामीण

पुलिस अधिकारी ने बताया कि गुरुवार रात 11 बजे जब ग्रामीणों ने सुनसान रास्ते पर दोनों विदेशियों को साइकिल से जाते देखा। इसके बाद ग्रामीणों ने उन्हें रोक कर उनसे बात करने की कोशिश की, लेकिन वह विदेशियों की भाषा नहीं समझ सके। सीओ बहेड़ी अरुण कुमार सिंह ने कहा कि दोनों विदेशियों के साथ कोई घटना न हो जाए, इसलिए उन्होंने फ्रांसीसियों को चुरैली पुलिस चौकी पहुंचा दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य को जब मामले की जानकारी हुई तो उन्होंने दोनों फ्रांसीसी पर्यटकों से बात की। फिलहाल दोनों को नेपाल रवाना कर दिया गया है। (इनपुट- पीटीआई)

यह भी पढ़ें- 

'यात्रियों की मौत खुद की लापरवाही से हुई तो CRS जांच की जरूरत नहीं', पुष्पक एक्सप्रेस हादसे पर बोले विशेषज्ञ

अंबाला में बीएसपी नेता हरविलास रज्जुमाजरा की गोली मारकर हत्या, तीन लोग घायल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।