आगरा: यूपी के आगरा से बड़ी खबर सामने आई है। यहां रविवार को ताजमहल परिसर में आग लग गई। ये आग मुख्य गुंबद से 300 मीटर दूर दक्षिणी गेट के पास लगी है। अचानक उठी चिंगारी देख लोग दहशत में आ गए हैं। मौके पर आग की लपटों के साथ घना काला धुआं भी देखा गया है।
Related Stories
आग लगने की वजह भी सामने आई
आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। घटना रविवार सुबह 8 बजे की बताई जा रही है, जिसका वीडियो सोमवार को सामने आया है। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के अधिकारियों और टोरेंट पावर को सूचना दी। दो घंटे का शट डाउन लेकर मरम्मत की गई।
दरअसल ताजमहल के दक्षिणी गेट की दाईं ओर बनी कोठरियों के ऊपर से एलटी लाइन जाती है। उसी लाइन के जॉइंटर से अचानक चिंगारी उठी। प्लास्टिक के बने जॉइंटर में आग लगने से कुछ देर तक धुएं का गुबार छाया रहा।
सूचना पर पहुंची टोरेंट पावर की टीम ने दो घंटे का शटडाउन लेकर मरम्मत कार्य किया। इसी लाइन से ताजमहल के लिए भी बिजली की आपूर्ति होती है। मरम्मत के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित रही।
दक्षिणी गेट 2018 से है बंद
दक्षिणी गेट पर्यटकों के लिए 2018 से बंद दक्षिणी गेट से पर्यटकों का प्रवेश सुरक्षा कारणों से 2018 से बंद है। इस स्थान पर पर्यटकों को जाने की अनुमति नहीं है।
ताजमहल के वरिष्ठ संरक्षण सहायक प्रिंस वाजपेयी ने बताया कि शार्ट सर्किट की वजह से ताजमहल में कोई व्यवस्था प्रभावित नहीं हुई। शार्ट सर्किट होने पर बिजली आपूर्ति बाधित होने पर तुरंत यूपीएस चालू हो गए थे। टोरेंट की टीम ने करीब दो घंटे में मरम्मत पूरी की। स्मारक को किसी भी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ है।
गौरतलब है कि ताजमहल दुनियाभर में फेमस है और दुनियाभर से बड़ी संख्या में पर्यटक इसे देखने के लिए आते हैं। ऐसे में यहां घटी छोटी सी भी घटना पूरी दुनिया में चर्चा का विषय बन सकती है। यही वजह है कि यहां की सुरक्षा व्यवस्था समेत तमाम चीजों की देखरेख बेहद सावधानी के साथ की जाती है। (इनपुट: अंकुर कुमड़िया)