Tuesday, March 10, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. प्रताड़ना, मारपीट और अवैध संबंध..., पूर्व क्रिकेटर पर पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप, कोर्ट की शरण में पहुंचीं

प्रताड़ना, मारपीट और अवैध संबंध..., पूर्व क्रिकेटर पर पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप, कोर्ट की शरण में पहुंचीं

Edited By: Subhash Kumar @ImSubhashojha Published : Mar 10, 2026 08:56 am IST, Updated : Mar 10, 2026 09:28 am IST

पूर्व क्रिकेटर अमित मिश्रा के खिलाफ उनकी पत्नी गरिमा तिवारी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। गरिमा ने घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न और अन्य आरोपों के तहत केस दर्ज कराया है।

kanpur amit mishra wife divorce- India TV Hindi
Image Source : REPORTER क्रिकेटर अमित मिश्रा की पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप।

उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां पूर्व आईपीएल खिलाड़ी अमित मिश्रा और उनके परिवार पर उनकी पत्नी गरिमा तिवारी ने एक बार फिर गंभीर आरोप लगाते हुए न्यायालय में नया वाद दायर किया है। दिनांक 9 मार्च 2026 को गरिमा तिवारी ने न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट में घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न और अन्य आरोपों के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। रिपोर्ट के अनुसार, गरिमा ने पति अमित मिश्रा सहित उनके परिवार के सदस्यों पर लगातार प्रताड़ना, मारपीट और अवैध संबंधों के आरोप लगाए हैं।

गरिमा ने क्या आरोप लगाया?

गरिमा तिवारी, जो कानपुर के बिरहाना रोड की निवासी और पूर्व मॉडल हैं, ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब उन्होंने कानूनी कार्रवाई की है। इससे पहले उन्होंने कानपुर पुलिस कमिश्नर और फिलखाना थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन पिछले एक साल से कोई ठोस कार्रवाई न होने पर उन्होंने सीधे कोर्ट का रुख किया। उनका कहना है कि अमित मिश्रा की पहुंच और रसूख के कारण पुलिस स्तर पर उनकी शिकायतों पर ध्यान नहीं दिया गया, जिससे मजबूरन अदालत में नया केस दाखिल करना पड़ा। कोर्ट ने इस शिकायत पर घरेलू हिंसा का मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी पक्ष को नोटिस जारी किया गया है।

रिश्ते की शुरुआत और धोखे का खुलासा

गरिमा ने अपनी शिकायत में बताया कि उनकी मुलाकात अमित मिश्रा से वर्ष 2020 में इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। अमित एक पूर्व क्रिकेटर होने के नाते उनकी लोकप्रियता से प्रभावित होकर गरिमा ने उनके इंस्टाग्राम पेज को लाइक किया, जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। कुछ महीनों बाद अमित ने गरिमा को प्रपोज किया और रोजाना कई बार फोन कर 'आई लव यू' कहकर प्यार का इजहार किया। गरिमा को लगा कि यह सच्चा प्यार है, इसलिए उन्होंने शादी के लिए हामी भर दी।

परिवार की सहमति से 26 अप्रैल 2021 को कानपुर क्लब में दोनों का विवाह संपन्न हुआ। लेकिन गरिमा का आरोप है कि सगाई के बाद से ही अमित और उनके परिवार ने लग्जरी कार और आलीशान जीवनशैली की मांग कर दबाव बनाना शुरू कर दिया। गरिमा के परिवार ने शादी में भरपूर दहेज दिया, लेकिन फिर भी अमित के परिवार की मांग पूरी नहीं हुई। शादी के एक साल बाद गरिमा को अमित के कई युवतियों से इंस्टाग्राम चैटिंग के स्क्रीनशॉट मिले, जिससे उन्हें गहरा सदमा लगा। विरोध करने पर अमित ने तलाक की धमकी दी और मारपीट की। गरिमा ने आरोप लगाया कि अमित घर खरीदने के बहाने पैसों की मांग करते थे और मना करने पर गला दबाकर मारते थे।

गरिमा ने परिवार पर भी लगाए गंभीर आरोप

गरिमा ने केवल पति पर ही नहीं, बल्कि सास बीना मिश्रा, ससुर शशिकांत मिश्रा, जेठ अमर मिश्रा, जेठानी ऋतु मिश्रा और ननद स्वाति पर भी आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि सास सरकारी नौकरी के बहाने अतिरिक्त दहेज मांगती थीं, जबकि ननद उनके कपड़ों और रहन-सहन पर तंज कसती थी। इन सबके कारण गरिमा डिप्रेशन की शिकार हो गईं और पिछले एक साल से मायके में रहकर इलाज करा रही हैं। उन्होंने कोर्ट से एक करोड़ रुपये का हर्जाना, मासिक भत्ता, आभूषणों की वापसी और पति के घर में रहने का अधिकार भी मांगा है।

अमित मिश्रा कौन हैं?

अमित मिश्रा कानपुर के मीरपुर कैंट के मूल निवासी हैं। उन्होंने आईपीएल में गुजरात लॉयंस, राजस्थान रॉयल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स जैसी टीमों के लिए खेला है। वर्तमान में वे भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) में सुरक्षा विभाग के सहायक प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं। यह मामला कानपुर में चर्चा का विषय बना हुआ है, जहां एक ओर गरिमा तिवारी न्याय की गुहार लगा रही हैं, वहीं आरोपी पक्ष की ओर से अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। कोर्ट में आगे की सुनवाई इस मामले की सच्चाई सामने लाएगी। (रिपोर्ट: अनुराग श्रीवास्तव)

ये भी पढ़ें- 55 की उम्र में 7वीं शादी की तैयारी, पिता को रोकने के लिए नाबालिग बेटे ने किया ये काम

तीन दिन से मकान में बंद था युवक, दरवाजा खुला तो मिला शव; बदहवास हालत में मिले पिता

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement