1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी: कौशांबी में भीषण सड़क हादसा, तीन बच्चों समेत आठ लोगों की मौत, पहुंची पुलिस, मचा हड़कंप

यूपी: कौशांबी में भीषण सड़क हादसा, तीन बच्चों समेत आठ लोगों की मौत, पहुंची पुलिस, मचा हड़कंप

 Edited By: Kajal Kumari @lallkajal
 Published : Mar 27, 2026 05:14 pm IST,  Updated : Mar 27, 2026 05:58 pm IST

यूपी के कौशांबी जिले में नेशनल हाईवे-2 पर भीषण सड़क हादसे में तीन बच्चों समेत आठ लोगों की मौत हो गई है। मौके पर पुलिस की टीम मौजूद है। चारों तरफ चीख पुकार मची है।

कौशांबी में भीषण सड़क हादसा- India TV Hindi
कौशांबी में भीषण सड़क हादसा Image Source : REPORTER

यूपी के कौशांबी जिले के सैनी थाना क्षेत्र के अतसराय के पास नेशनल हाईवे-2 पर भीषण सड़क हादसा हो गया। इस दर्दनाक हादसे में तीन बच्चों समेत आठ लोगों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि सभी लोग फतेहपुर जिले के करौली गांव के रहने वाले थे, जो मुंडन संस्कार कराकर पिकअप गाड़ी से प्रयागराज से लौट रहे थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, मौके पर पुलिस की टीम भी मौजूद है।

दरअसल, फतेहपुर के करौली गांव से लगभग 18 लोग एक पिकअप वाहन में सवार होकर मुंडन संस्कार के लिए प्रयागराज गए थे। कार्यक्रम के बाद सभी लोग वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सैनी थाना क्षेत्र के अतसराय के पास NH-2 पर उनकी पिकअप का भीषण एक्सीडेंट हो गया। हादसा इतना जबरदस्त था कि मौके पर ही कई लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और राहत-बचाव का काम शुरू किया।

सीएम योगी ने हादसे का लिया संज्ञान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद कौशांबी में हुए सड़क हादसे का संज्ञान लिया और मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंच कर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

आठ लोगों के मौत की सूचना, कई घायल

हादसे की सूचना मिलते ही सैनी थाना पुलिस और हाईवे पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल भेजा। गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए प्रयागराज रेफर किया गया है। घायलों में से कुछ लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है। मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल हैं।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक तेज रफ्तार और वाहन का संतुलन बिगड़ना हादसे की वजह माना जा रहा है। फिलहाल इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

(कौशांबी से आयमान अहमद की रिपोर्ट)

 
 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।