उत्तर प्रदेश के कानपुर दक्षिण के साढ़ थाना क्षेत्र के देवसढ़ गांव में महिला के घर में घुसकर लूटपाट और हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वारदात के बाद से फरार चल रहे मुख्य आरोपी रानू उर्फ सुहेल को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी। घायल बदमाश को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। आरोपी पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
7-8 अगस्त की रात हुई थी वारदात
पुलिस के मुताबिक, साढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम देवसढ़ में 7-8 अगस्त की रात बदमाश एक महिला के घर में घुस गए थे। बदमाशों ने घर में लूटपाट की और विरोध के दौरान किसी ठोस वस्तु से महिला के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी थी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों के खिलाफ लूट और हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, लेकिन मुख्य आरोपी रानू उर्फ सुहेल पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही थी और गिरफ्तारी के लिए उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
कुंदौली मोड़ पर पुलिस ने घेरा
16 अगस्त की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि इनामी आरोपी रानू उर्फ सुहेल इलाके में घूम रहा है। सूचना मिलते ही साढ़ थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आसपास के थानों की पुलिस के साथ चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान कुंदौली मोड़ के पास बाइक सवार एक संदिग्ध पुलिस के सामने आया। पुलिस टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और बाइक से भागने लगा।
जवाबी कार्रवाई में दोनों पैरों में लगी गोली
पुलिस के अनुसार, आरोपी की फायरिंग के बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की गोली लगने से रानू उर्फ सुहेल घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। उसके दोनों पैरों में गोली लगी। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसे हिरासत में लेकर तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। मुठभेड़ की सूचना के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से संबंधित सामान और हथियार के संबंध में भी जांच शुरू कर दी है।
एक आरोपी पहले ही जा चुका है जेल
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के साथ देवसढ़ में हुई लूट और हत्या की वारदात में शामिल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है। साथ ही मुठभेड़ के दौरान हुई पूरी कार्रवाई की भी नियमानुसार जांच की जा रही है। इस कार्रवाई में एडीसीपी दक्षिण, एसीपी घाटमपुर, साढ़ थाना प्रभारी और आसपास के थानों की पुलिस टीम की अहम भूमिका बताई गई है। पुलिस विभाग की ओर से उत्कृष्ट कार्रवाई करने वाली थाना टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की गई है। पुलिस का कहना है कि देवसढ़ हत्याकांड के मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी से मामले की जांच को महत्वपूर्ण दिशा मिली है। आरोपी से पूछताछ के बाद वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों और लूट के सामान के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
(रिपोर्ट - अनुराग श्रीवास्तव)
ये भी पढ़ें
इटावा में दोस्त की बर्थडे पार्टी से लौटते समय युवक की गोली मारकर हत्या, हमलावर मौके से फरार