1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. शराब के छोटे पैग बनाने पर हुई खूनी लड़ाई, भांजे ने मामा के साथ जमकर की मारपीट

शराब के छोटे पैग बनाने पर हुई खूनी लड़ाई, भांजे ने मामा के साथ जमकर की मारपीट

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Aug 01, 2026 11:50 am IST,  Updated : Aug 01, 2026 11:50 am IST

कानपुर में एक शराब पार्टी के दौरान पैग छोटा देने की बात को लेकर मामा और भांजे के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। इस दौरान गुस्से में आए भांजे ने लोहे के तवे से अपने मामा के सिर, गर्दन और चेहरे पर ताबड़तोड़ छह वार कर दिए।

Kanpur- India TV Hindi
घायल मामा अस्पताल में। Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर में एक ऐसी चौंकाने वाली वारदात सामने आई है जिसने सभी को हैरान कर दिया है। यहां पर जाजमऊ थाना क्षेत्र स्थित पोखरपुर इलाके में एक शराब पार्टी के दौरान मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पार्टी में शराब का पैग छोटा देने की बात को लेकर मामा और भांजे के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में आए भांजे ने लोहे के तवे से अपने मामा के सिर, गर्दन और चेहरे पर ताबड़तोड़ छह वार कर दिए। जिसके बाद गंभीर रूप से घायल मामा को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी भांजा मौके से फरार हो गया और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

शराब परोसते समय पैग के आकार को लेकर दोनों के बीच शुरू हुआ विवाद

कानपुर की इस घटना को लेकर प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल मोहम्मद फिरोज और उनका भांजा दोनों कबाड़ का काम करते हैं। 31 जुलाई की रात रोज की तरह काम खत्म होने के बाद दोनों अपने दो अन्य साथियों के साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान शराब परोसते समय पैग के आकार को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। पहले कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला हाथापाई तक पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद बढ़ता देख दोनों साथी वहां से निकल गए, लेकिन मामा और भांजे के बीच झगड़ा जारी रहा। शोर सुनकर पास में मौजूद 12 वर्षीय एक किशोर बीच-बचाव करने पहुंचा। आरोप है कि आरोपी ने उसे भी नहीं बख्शा और पकड़कर उसका सिर दीवार से टकरा दिया, जिससे वह भी घायल हो गया।

गंभीर चोट लगने से फिरोज खून से लथपथ जमीन पर गिर पड़ा

शराब के छोटे पैग को लेकर शुरू हुए इस विवाद में आरोपी भांजे ने पास में रखा लोहे का तवा उठाया और मोहम्मद फिरोज पर लगातार कई वार कर दिए। सिर, गर्दन और चेहरे पर गंभीर चोट लगने से फिरोज खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। वहीं आसपास मौजूद लोगों का कहना है कि आरोपी उन्हें मृत समझकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल मोहम्मद फिरोज और घायल किशोर को उपचार के लिए कांशीराम अस्पताल भिजवाया, जहां दोनों का मेडिकल परीक्षण कराया गया। डॉक्टरों ने फिरोज की हालत को गंभीर देखते हुए उनका इलाज शुरू किया। घायल के परिजनों का आरोप है कि मामूली बात पर आरोपी ने जानलेवा हमला किया। परिवार ने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से भी पूछताछ की है।

आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस टीम दे रही दबिश

इस मामले में जाजमऊ थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा। आरोपी की पहचान हो चुकी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

(रिपोर्ट - अनुराग श्रीवास्तव)

ये भी पढ़ें

3 कमरों में चल रहा था संस्कृत महाविद्यालय, CDO पहुंचे तो टेबल पर पैर रखकर सोता मिला कर्मचारी, छात्र-शिक्षक गायब

यूपी के बलरामपुर में गोली लगने से एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत, मौके से 3 तमंचे और खून लगी कैंची बरामद

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।