1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. डरी सहमी बेटी की पिता के सामने टूटी खामोशी तो सामने आया ऐसा सच, परिवार के पैरों तले खिसकी जमीन

डरी सहमी बेटी की पिता के सामने टूटी खामोशी तो सामने आया ऐसा सच, परिवार के पैरों तले खिसकी जमीन

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Aug 12, 2026 08:45 pm IST,  Updated : Aug 12, 2026 08:45 pm IST

कानपुर के घाटमपुर में किशोरी से यौन शोषण का आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया, आरोप है कि इस आरोपी ने नाबालिग को पहले अपने प्रेमजाल में फंसाया और फिर उसका यौन शोषण किया। नाबालिग किशोरी ने जैसे ही अपने साथ बीती दास्तान परिवार को सुनाई तो उसके बाद परिजनों ने पुलिस को इस घटना की जानकारी दी।

The accused is in police custody- India TV Hindi
आरोपी पुलिस की गिरफ्त में। Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के कानपुर में घाटमपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग किशोरी को कथित तौर पर प्रेमजाल में फंसाकर उसका यौन शोषण करने और फिर ब्लैकमेल कर लाखों की नकदी व जेवरात हड़पने का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपी युवक ने नाबालिग किशोरी को घटना की जानकारी किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देता था। डर के चलते किशोरी ने घर से नकदी और कीमती जेवरात आरोपी को दे दिए। परिवार को जब घर से रुपये और गहने गायब होने का पता चला, तब पूछताछ में पूरी घटना सामने आई। जिसके बाद परिवार वालों के होश उड़ गए, कथित प्रेम में धोखा खाई नाबालिग किशोरी ने जैसे ही अपने साथ बीती दास्तान परिवार को सुनाई उन्होंने बेटी का साथ देते हुए उसके साथ खड़े होने का भरोसा जताया और फिर सारी बातें सामने निकलकर आयी जिसके बाद परिजनों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। घटना की जानकारी के बाद नाबालिग किशोरी के पिता की तहरीर के आधार पर घाटमपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के साथ आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया जिसमें 12 अगस्त को पुलिस द्वारा न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

मोबाइल पर बातचीत से शुरू हुआ संपर्क

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, घाटमपुर क्षेत्र के एक गांव की नाबालिग किशोरी की मोबाइल फोन के जरिए कानपुर देहात के अकबरपुर क्षेत्र के सिंगसियापुर गांव निवासी राजबाबू उर्फ सुमित से बातचीत होती थी। आरोप है कि बातचीत के दौरान युवक ने किशोरी को अपने प्रभाव में लिया और बाद में उसे डराने-धमकाने लगा। परिजनों का आरोप है कि युवक ने किशोरी का यौन शोषण किया। इसके बाद कथित तौर पर इसी बात को लेकर उसे ब्लैकमेल करने लगा। आरोपी किशोरी को धमकी देता था कि अगर उसने किसी को कुछ बताया तो उसके साथ गंभीर घटना हो सकती है।

डर के कारण घर से देती रही रुपये और जेवर

आरोप है कि लगातार धमकियों के चलते किशोरी मानसिक दबाव में आ गई। इसी दौरान उसने अपने घर से 1 लाख 20 हजार रुपये की नकदी और लाखों रुपये कीमत के जेवरात निकालकर आरोपी को दे दिए। परिवार को जब घर में रखी नकदी और जेवरात कम मिले तो उन्हें शक हुआ। पिता ने बेटी से इस संबंध में पूछताछ की। शुरुआत में मामला स्पष्ट नहीं हुआ, लेकिन बाद में किशोरी ने कथित तौर पर अपने साथ हुई पूरी घटना परिवार को बताई। उसने हिम्मत कर के परिजनों को बताया कि युवक उसे धमकाकर रुपये और जेवरात ले रहा था। इसके बाद परिवार ने आरोपी से सामान और नकदी वापस करने की मांग की।

रुपये-जेवर वापस मांगने पर धमकी देने का आरोप

पीड़ित परिवार के मुताबिक, जब उन्होंने आरोपी से चोरी गए रुपये और जेवरात लौटाने के लिए कहा तो उसने कथित तौर पर धमकी देना शुरू कर दिया। इसके बाद परिवार ने मामले को पुलिस तक पहुंचाने का फैसला किया। पिता ने घाटमपुर थाने में पहुंचकर लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया और उसकी तलाश शुरू कर दी।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया

मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने सर्विलांस के आधार पर आरोपी राजबाबू उर्फ सुमित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने किशोरी के बयान समेत मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। मामले में अधिकारियों ने बताया कि नाबालिग के साथ दुष्कर्म के आरोपी युवक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले की विवेचना जारी है।

परिवार को बेटी के सवालों से मिली घटना की जानकारी

इस मामले में परिवार को घटना की जानकारी तब हुई, जब घर में रखी नकदी और जेवरात गायब मिले। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने किशोरी से संपर्क के बाद कितने समय तक उसे कथित तौर पर धमकाया और उससे कितनी रकम व जेवरात लिए और साथ ही बरामदगी और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों को भी जांच का हिस्सा बनाया जा रहा है। नाबालिग से जुड़े इस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अब आगे की कानूनी कार्रवाई जांच और न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने वाले साक्ष्यों के आधार पर होगी।

(रिपोर्ट - अनुराग श्रीवास्तव)

ये भी पढ़ें

सिरफिरे आशिक का खूनी खेल, प्रेमिका के पति की गंडासे से काटकर की हत्या

पत्नी ने पति के साथ मिलकर की प्रेमी की हत्या, शव को घर के अंदर गड्ढा खोदकर दफना दिया

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।