उत्तर प्रदेश में अभी कई जिलों में मौसम खराब होने की वजह लगातार बारिश देखने को मिल रही है, जिसमें महराजगंज जिले के कोल्हुई थाना क्षेत्र के जिगिनिहा गांव में 27 सितंबर की सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया। यहां पर कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया जिसके मलबे में दबकर 59 साल कुसुमी देवी की मौत हो गई। हादसे के समय उनके पति भी पास में सो रहे थे, लेकिन वह बाल-बाल बच गए। इस हादसे की वजह से जहां परिवार में कोहराम मच गया तो वहीं ऐसा भी बताया जा रहा है कि परिवार की आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं है। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतका के दो बेटे हैं, जिसमें से एक की पहले ही मौत हो चुकी
महराजगंज जिले में बारिश के चलते वहां के लोगों को काफी अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिसमें कच्चा मकान गिरने से हुई 59 साल की महिला की मौत के बाद जहां परिवार में कोहराम मचा हुआ है तो वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक महिला के दो बेटे हैं जिसमें से एक की पहले ही मौत हो चुकी है, जबकि दूसरा अपनी ससुराल में रहता है। उनकी दो बेटियों की शादी हो चुकी है। परिवार के अनुसार मृतक महिला के पति का करीब चार महीने पहले एक्सीडेंट हुआ था जिसमें उनका पैर टूट गया था। हादसे की सूचना मिलते ही कोल्हुई पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी।
भारी बारिश के चलते गिर चुके हैं 117 मकान
यूपी में लगातार हो रही तेज बारिश से बड़े पैमाने पर जानमाल का नुकसान हुआ है। कुल 117 मकानों के ढहने की खबर है। वर्षाजनित इन हादसों में 15 से अधिक लोगों की मौत हो गई। वहीं बड़े पैमाने पर फसलों को नुकसान पहुंचा है। राजधानी लखनऊ में पुराने शहर के हुसैनाबाद के ऐतिहासिक गेट का हिस्सा गिर गया है। वहीं लखीमपुर खीरी, अमेठी और बाराबंकी जिलों में दीवार ढह जाने की अलग-अलग घटनाओं में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई तथा पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की जान चली गयी। फतेहपुर जिले में अलग अलग थाना क्षेत्रों में लगभग 10 कच्चे मकान ढह गए जिसमें एक मकान के मलबे में दो सगे भाई दब गए। इस हादसे में 8 साल के मासूम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका 11 साल बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।
(रिपोर्ट - विनय कुमार नायक)
ये भी पढ़ें
यमुना एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा पर मारपीट, जबरन वाहन निकालने का वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
महराजगंज कचहरी में महिला से मारपीट, अधिवक्ताओं और आम लोगों में आक्रोश, VIDEO आया सामने