1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी: ट्रेन में सांप दिखाकर यात्रियों से वसूली करता दिखा शख्स, VIDEO वायरल

यूपी: ट्रेन में सांप दिखाकर यात्रियों से वसूली करता दिखा शख्स, VIDEO वायरल

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Sep 06, 2025 02:15 pm IST,  Updated : Sep 06, 2025 02:15 pm IST

यूपी के झांसी में ट्रेन में सांप दिखाकर यात्रियों से वसूली करने का मामला सामने आया है। वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे जन सम्पर्क अधिकारी ने कार्रवाई करने की बात कही है।

Jhansi- India TV Hindi
झांसी में ट्रेन में सांप दिखाकर यात्रियों से वसूली करने का मामला Image Source : REPORTER INPUT

झांसी: यूपी के झांसी से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया। यहां एक शख्स झांसी रेल मंडल से गुजरने वाली ट्रेनों में सांप दिखाकर पैसे वसूलते दिखा। इस वाकये का वीडियो भी वायरल हो रहा है।

क्या है पूरा मामला?

झांसी रेल मंडल से गुजरने वाली ट्रेनों में यात्रियों से वसूली का चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है। इसमें एक युवक सांप दिखाकर यात्रियों को डराता है और उनसे जबरन पैसे वसूलता है। मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे प्रशासन हरकत में आया है।

वायरल वीडियो बरौनी-अहमदाबाद एक्सप्रेस के जनरल कोच का बताया जा रहा है। इसमें एक युवक टोकरी में सांप रखकर यात्रियों के बीच जाता है और सभी से पैसे वसूलता है। विरोध करने पर वह सांप को हाथ में उठा लेता है, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच जाती है। डर की वजह से कोई उसे रोक नहीं पाता। जिसे एक यात्री ने रेल मंत्रालय को भेजकर शिकायत की है।

यात्रियों का कहना है कि सांप लेकर ट्रेन में चढ़ने वाले गैंग शातिर तरीके से चोरी भी करते हैं। कई बार वे सीट पर सांप छोड़ देते हैं और भगदड़ का फायदा उठाकर यात्रियों का सामान गायब कर देते हैं। इससे पहले भी झांसी रेल मंडल में ऐसे मामले सामने आ चुके हैं। 20 अगस्त को साबरमती एक्सप्रेस से चार नकली साधुओं को सांप के साथ पकड़ा गया था।

झांसी मंडल के रेलवे जन सम्पर्क अधिकारी का सामने आया बयान

झांसी मंडल के रेलवे जन सम्पर्क अधिकारी मनोज कुमार सिब्घ ने बताया, "सांप लेकर ट्रेन में चढ़ना रेलवे के नियमों का उल्लंघन है। सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को पकड़ा जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।"

बता दें कि यूपी में ऐसा पहले भी कई बार देखा गया है कि लोग यात्रियों से पैसे वसूल करने के लिए ट्रेनों में चढ़ जाते हैं। कई लोगों के हाथों में भगवान की मूर्ति होती है, कई लोग भगवान का रूप रखकर आते हैं और कई किन्नर भी पैसों की वसूली करने के लिए ट्रेन में चढ़ते हैं। (इनपुट: आकाश राठौर)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।