उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से बेहद शर्मनाक तस्वीरें सामने आई हैं। यहां कुछ लोगों ने एक युवक और युवती को बीच बाजार में बेइज्जत किया, मारपीट की, छेड़छाड़ की। युवक और युवती को बीच बाज़ार में बुरी तरह से पीटा गया है। युवती दोस्त को बचाती रही, भीड़ के आगे गुहार लगाती रही लेकिन भीड़ में शामिल दबंग लड़की और उसके दोस्त को पीटते रहे। भीड़ का कहना था कि लड़की हिंदू और उसका दोस्त मुस्लिम, इस वजह से भीड़ ने दोनों को लात घूंसों से पीटा।
दोस्त को बचाने के लिए भीड़ से लड़ी लड़की
सामने आए वीडियो में दावा किया जा रहा है कि भीड़ रेड-टीशर्ट पहने युवक को पीट रही है। इस भीड़ में जो सनकी दबंग हैं वो खुद को हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता बताते हैं। इन्होंने हिंदू लड़की को मुस्लिम लड़के से दूर रखने का ठेका लिया है। 20-25 दबंगों ने घेरकर इस लड़की के दोस्त की पिटाई की। लड़की अपने दोस्त को बचाने के लिए भीड़ से लड़ती रही लेकिन भीड़ में शामिल दबंगों के सिर पर खून सवार था। जानकारी मिल रही है कि युवक मुस्लिम व लड़की हिन्दू है और दोनों ही शामली जनपद के थानाभवन क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे है।
लड़की के साथ भी गाली-गलौच और छेड़छाड़
सनकी भीड़ जब युवक को पीट रही थी, तब लड़की अपने दोस्त को बचा रही थी। इसी दौरान उस लड़की के साथ भी गाली गलौच और छेड़छाड़ हो रही थी। दबंगों ने युवक को पीट-पीटकर लहूलुहान कर दिया।उसकी दोस्त उसे बचाने के लिए अकेली भीड़ से लड़ गई। जब वो हार गई, थक गई तो बीच सड़क पर बैठकर रोने लगी। अफसोस की बात है कि दोनों की मदद करने के लिए कोई आगे नहीं आया, भीड़ तांडव मचाती रही।
पुलिस ने क्या बताया?
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में सनकी युवकों ने जब युवक-युवती को बुरी तरह से पीट लिया, उनका मन भर गया, जी भरकर उनकी फजीहत कर ली, तब जाकर पुलिस आई और युवक युवती को थाने ले गई।पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और फिलहाल पुलिस युवक-युवती से पूछताछ कर रही है और घटना के सभी पहलुओं की जांच कर तहरीर के आधार पर कार्यवाही की जाएगी।
इस मामले को लेकर एसपी सिटी अमृत जैन ने कहा- "112 के माध्यम से सूचना संज्ञान में आई थी। जिसमें हमारी टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर जो पीड़ित युवक है उसे थाने लाया गया और मजरूम चिट्ठी देकर उसका भी इलाज कराया गया है। जो भी तहरीर प्राप्त होगी। तहरीर के आधार पर साक्ष्य के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जैसा मैंने बताया। इन लोगों का मेडिकल कराया जाएगा और जो भी साक्ष्य सामने आएंगे, तहरीर प्राप्त कर उसके आधार पर वैधानिक कार्रवाई संबंधित के विरुद्ध कठोर से कठोर की जाएगी।"
ये भी पढे़ं- हापुड़ के होटल में प्रेमिका संग रंगरलियां मनाते पकड़ा गया पति, पत्नी और परिजनों ने बीच सड़क पर जमकर धुना